हरिपुर : पांडेश्वर ब्लॉक के हरिपुर बहुला मोड़ पुराना रेल गेट स्थित एनएच 60 पर नाली का पानी सड़क पर जमा होने से सड़क पर गड्ढा बन गया है. अक्सर इसमें पड़ने से छोटे वाहन अनियंत्रित होकर उलट जाते हैं और उस पर सवार लोग घायल हो जाते हैं. स्थानीय व्यवसािययों और दुकानदारों में इससे भारी आक्रोश है.
इस संबंध में चंदन विश्वकर्मा, दशरथ दास, सिंधू ठाकुर और पांचु रजक ने बताया कि इस स्थान पर कभी रेल लाइन होती थी. बीच में एक नाला था जिससे हरिपुर बाजार, बहुला मोड़ का पानी निकलता था. रेल लाइन का अस्तित्व समाप्त हो गया. बहुला मोड़ पर पानी सड़क पर आ जाता है.
राष्ट्रीय राज्यमार्ग 60 के बीच में ही गड्ढा बन गया है. इसमें घुटने भर जल हमेशा जमा रहता है. गड्ढे का अंदाजा नहीं हो पता है. इस कारण दो पहिया, चार पहिया वाहन अक्सर दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं. इसे देखने वाला कोई नहीं है. स्थानीय नेता व प्रशासनिक अधिकारी भी सड़क से होकर गुजरते हैं लेकिन इस ओर ध्यान नहीं देते हैं.
शनिवार को भी एक चार पहिया वाहन गड्ढे में फंस गया था. बर्दवान जिला परिषद सदस्य नदिया धीवर ने बताया कि इसकी सुध कोई लेने वाला नहीं है. सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो बड़ा हादसा होना तय है. पांडेश्वर बीडीओ और पीडब्ल्यूडी अधिकारी को सड़क की हालत से अवगत कराते हुये इसकी मरम्मत की मांग की गई है.
