रुपनारायणपुर : इसीएल के विभागीय सुरक्षा गार्ड, सीआइएसएफ और पुलिस ने शनिवार की सुबह सालानपुर थाना अंतर्गत राधाबल्लभपुर इलाके में संयुक्त छापेमारी कर 14 टन अवैध कोयला जब्त किया. किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी. जब्त कोयला डाबर कोलियरी के डीपो में जमा किया गया.
11 अप्रैल को इलाके में चुनाव समाप्त हो जाने के बाद सालानपुर थाना क्षेत्र में कोयला चोरी में काफी तेजी आ गयी. सालानपुर एरिया के महाप्रबंधक अजय कुमार सिंह ने बताया कि कोयला चोरी में हुयी बढ़ोतरी की शिकायतें लगातार स्थानीय पुलिस से की जा रही है. जिसके उपरांत शनिवार को संयुक्त छापामारी की गयी. जिसमें 14 टन अवैध कोयला जब्त किया गया. सनद रहे कि चुनावी अधिसूचना जारी होने के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महासचिव मनीष कुमार झा ने इलाके में चल रहे अवैध कोयला कारोबार के संबंध में चुनाव आयोग से दो बार शिकायत की थी. जिसके उपरांत चुनाव तक अवैध कोयला कारोबार पर काफी अंकुश लगा था. चुनाव समाप्त होते ही अंकुश भी समाप्त हो चुका है और इसीएल के खदानों से धड़ल्ले से कोयला की लूट हो रही है.
कंपनी के विभागीय सुरक्षा गार्डो ने अपने स्तर से कुछ माह पूर्व दो बार छापेमारी की थी. जिसके उपरांत स्थानीय कोयला चोरों ने सुरक्षा गार्डो को पीटा, उनकी गाड़ियां तोड़ी, पथराव किया, खदान तक बंद करा दिया था. जिसके उपरांत सुरक्षा गार्ड अब संयुक्त रुप से कार्रवाई कर रहे है. हालांकि संयुक्त कार्रवाई में परिणाम संतोषजनक नहीं मिल रहा है.
