रुपनारायणपुर : बाराबनी विधानसभा क्षेत्र से माकपा उम्मीदवार शिप्रा मुखर्जी ने सोमवार को मतदान के दौरान बाराबनी क्षेत्र के विभिन्न बूथों में धांधली और उनपर हमला का प्रयास किये जाने की शिकायत मंगलवार को चुनाव पर्यवेक्षक के वी मोहन कुमार से की. पर्यवेक्षक मोहन कुमार ने चुनाव के उपरांत सभी बूथों की जांच के मुद्दे पर मंगलवार को डीसीआरसी में सर्वदलीय बैठक बुलायी थी. माकपा उम्मीदवार श्रीमती मुखर्जी ने आरोपों का ज्ञापन सौंपा.
बैठक में बाराबनी विधानसभा के चुनाव अधिकारी सौम्य चटर्जी, बाराबनी के बीडीओ अनिमेष कांति मान्ना, सालानपुर के ज्वाइंट बीडीओ रत्नदीप पाल, तृणमूल उम्मीदवार विधान उपाध्याय के चुनाव एजेंट निमाई महंती, माकपा उम्मीदवार श्रीमती मुखर्जी और उनके चुनाव एजेंट असीम बनर्जी उपस्थित थे. अन्य किसी दल के उम्मीदवार या एजेंट उपस्थित नहीं हुए.
चुनाव आयोग के निर्देश पर चुनाव के उपरांत पोस्ट पोल जांच मीटिंग में बाराबनी के चुनाव पर्यवेक्षक श्री कुमार ने कहा कि क्षेत्र के 252 बूथों पर शांतिपूर्ण रुप से मतदान हुआ. किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी नहीं हुयी. तृणमूल उम्मीदवार के एजेंट श्री महंती ने बाराबनी में संपन्न चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बताया. माकपा उम्मीदवार श्रीमति मुखर्जी ने 12 बूथों पर पोलिंग एजेंट को धमकी देकर भगाने और वहां छप्पा वोट मारने की बात कही. श्रीमति मुखर्जी ने पर्यवेक्षक को बताया कि शाम साढ़े पांच बजे मनोहर बहाल के 232 नंबर बूथ पर छप्पा वोट चलने के दौरान वहां पहुंचने पर तृणमूल कर्मियों ने उनका घेराव कर उनके साथ र्दुव्यवहार किया.
उनके बॉडी गार्ड ने उन्हे बचाया. बीडीओ तथा आरओ से शिकायत करने के बावजूद भी केंद्रीय बल नहीं भेजा गया. बूथ में तैनात केंद्रीय बल और पुलिस तमाशा देखते रहे. उन्होंने शिकायतों की लिखित ज्ञापन पर्यवेक्षक श्री मोहन कुमार को सौंपा.
