आसनसोल/पानागढ़ : पानागढ़ में बाइपास निर्माण के मुद्दे पर पंचायत सदस्य व व्यवसायी हरजीत सिंह निक्की ने कहा कि जब से होश संभाला है, तब से ही पानागढ़ में बाइपास को लेकर काफी उठा पटक हुयी. बाइपास सड़क होने से गैरेज व मोटर पार्ट्स के व्यवसाय पर आंशिक असर पड़ेगा.
लेकिन क्षेत्र का विकास भी होगा. वर्षो से नारकीय जीवन जी रहे लोगों को राहत मिलेगी. समाजसेवी व व्यवसायी सत्यप्रकाश केशरी ने कहा कि पानागढ़ में बाइपास सड़क की मांग वर्षो से की जा रही थी. अब लग रहा है कि सपना साकार हो रहा है.
यातायात की व्यवस्था यदि दुरुस्त होगी तो विकास भी होगा. व्यवसाय घटेगा नहीं बल्कि बढ़ेगा. बाजार में और रौनक आयेगी. सब्जी व्यवसायी संगठन के पदाधिकारी बैजनाथ साव ने कहा कि बाइपास सड़क होने से उनके व्यवसाय पर खास असर नहीं पड़ेगा. बल्कि सड़क पर बढ़ती ट्रॉफिक जाम और दुर्घटनाओं की आशंका से बहुत हद तक छुटकारा मिलेगा.
सड़क किनारे सब्जी मंडी पर व्यवसायियों के साथ ही ग्राहकों को जान हथेली पर रख कर बाजार में आना पड़ता था. नाई व्यवसाय समिति सदस्य जीतू ठाकुर ने कहा कि जीटी रोड किनारे दुकान होने से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था. बाइपास सड़क हो जाने पर व्यवसाय पर खास प्रभाव नहीं पड़ेगा. बल्कि व्यवसाय को बढ़ाने में और मदद मिलेगी. बरसात में जीवन नारकीय हो जाता है. इससे छुटकारा मिलेगा. जयप्रकाश सावर ( डिस्पोजल मोर्टस पार्टस एसोसियेशन सदस्य) ने कहा कि बाइपास हो जाने से हमारे व्यवसाय पर आंशिक प्रभाव पड़ेगा. हैवी वाहन पानागढ़ बाजार से नहीं गुजरेगी.
जिसके कारण मंडी (कबाड़ी पट्टी) पर कुछ हद तक नाकारात्मक प्रभाव पड़ेगा लेकिन जरुरत होने पर मंडी में ग्राहकों को आना तो पड़ेगा ही.
सत्यप्रिय केशरी (पानागढ़ चेंबर आफ कामर्स सदस्य) का कहना है कि कुछ पाने के लिये कुछ खोना पड़ता है. हालांकि बाइपास होने से हमलोगों के व्यवसाय पर विशेष कुछ प्रभाव नहीं पड़ेगा. हां मोटर्स पार्टस व कबाड़ी व्यवसाय पर आंशिक असर पड़ सकता है. सड़क दुर्घटनाओं से बहुत हद तक राहत मिलेगी.
