दुर्गापुर : आगामी दो अप्रैल को कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी कुल्टी, बांकु ड़ा तथा दुर्गापुर में चुनावी सभाओं को संबोध्रित करेंगे. इसकी तैयारी प्रशासनिक व पार्टी के स्तर से जोरशोर से चल रही है. इन सभाओं में वामपंथी नेताओं को भी आमंत्रित किया गया है. कुल्टी व दुर्गापुर में माकपा के पूर्व सांसद वंशगोपाल चौधरी उपस्थित होंगे. जेड केटेगरी की सुरक्षा हासिल होने के कारण एसपीजी टीम के अधिकारियों ने इन तीन स्थलों का निरीक्षण किया है.
पुलिस व प्रशासन के स्तर से भी सुरक्षा की व्यवस्था की जा रही है. पार्टी नेताओं ने भी सभा स्थल का निरीक्षण किया है. डीपीएल के कल्पतरु मैदान में दुर्गापुर(पश्चिम) विधानसभा सीट के कांग्रेस प्रार्थी विश्वनाथ पाड़ियाल और दुर्गापुर (पूर्व) के माकपा प्रार्थी संतोष देवराय के समर्थन में चुनावी सभा को राहुल गांधी संबोधित करेंगे. सभा की तैयारी का जायजा लेने के लिये केंद्र के एसपीजी की सुरक्षा टीम और कांग्रेस बर्दवान (शिल्पांचल) के अध्यक्ष देवेश चक्रवर्ती, तरुण राय, उमापद दास, माकपा नेता विप्रेंदू चक्रवर्ती, पंकज राय सरकार आदि सभास्थल पर पहुंचे.
एसपीजी के टीम ने पूरा सभास्थल का जायजा लेने के बाद राहुल गांधी की सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस प्रशासन का व्यवस्था पर संतोष जताया. कांग्रेस नेता श्री चक्रवर्ती ने कहा कि राहुल गांधी सुबह साढ़े ग्यारह बजे अंडाल हवाई अड्डा में उतर कर हेलीकॉप्टर से कुल्टी के लिए रवाना होंगे. वहां चुनावी सभा को संबोधित करेंगे. आसनसोल महकमा के सभी कांग्रेसी व वाममोर्चा प्रत्याशियों को वहां उपस्थित रहने का आग्रह किया गया है.
वाममोर्चा के वरीय नेताओं को भी आमंत्रित किया गया है. कुल्टी की सभा के बाद वे हेलीकॉप्टर से ही बांकु ड़ा के लिए रवाना होंगे. बांकुड़ा में चुनावी सभा को संबोधित करने के बाद वे दुर्गापुर में साढ़े तीन बजे सभा को संबोधित करेंगे. वहां से अंडाल लौट कर दिल्ली के लिये रवाना हो जायेंगे. सभा की तैयारियां पूरी कर ली गयी है.
‘राहुल गांधी गो बैक’ के लगे पोस्टर: बांकुड़ा. ‘देशद्रोही कन्हैया कुमार के मददगार राहुल गांधी गो बैक’ स्लोगन के तहत बांकुड़ा में कई जगहों पर हिंदू महासभा ने पोस्टरिंग की. बड़ा बाजार, नूनगोला एवं जनसभा स्थल के निकट तामलीबांध इलाके में ऐसे कई पोस्टर दिखे. शहर में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गयी. उल्लेखनीय है कि शनिवार को बांकुड़ा जिले के 12 विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में तामलीबांध में कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की जनसभा होगी.
कांग्रेस नेता अरुप बनर्जी ने कहा कि इलाके में जनसमर्थन देख कर विरोधी दल भयभीत हो गये हैं. यह कायर पुरुष का काम है. हालांकि पोस्टर की घटना को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी को दोषी ठहराया है. वहीं बीजेपी के जिला अध्यक्ष पार्थ सारथी कुंडू ने कहा कि पोस्टर से बीजेपी का कोई संबंध नहीं है.
हिंदू महासभा के जिला सचिव शांति अधिकारी ने कहा कि अफजल गुरु के समर्थन में जेएनयू में जो घटना घटी थी एवं इसमें राहुल गांधी द्वारा मदद की गयी थी, पोस्टर के माध्यम से धिक्कार व्यक्त किया गया है.
फ्लाइओवर ध्वस्त होने के लिए तृणमूल दोषी : दुर्गापुर. दुर्गापुर (पश्चिम) विधानसभा क्षेत्र के मायाबाजार, अजरुनपुर, अंगदपुर क्षेत्र में वाममोर्चा समर्थित कांग्रेस प्रत्याशी विश्वनाथ पाड़ियाल के समर्थन में चुनाव प्रचार अभियान चलाया गया. माकपा नेता विप्रेंदू चक्रवर्ती, पंकज राय चौधरी, अरुण चौधरी, कांग्रेस नेता उमापदो दास, चंद्रशेखर बनर्जी मुख्य रुप से उपस्थित थे. कांग्रेस के उमापद दास ने कहा कि राज्य में जितना भी उन्नयनमूलक कार्यो को अंजाम मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दिये है, वह केंद्र सरकार का योजना है. कोई भी अपनी योजना नहीं है. अगर अपना योजना नहीं है फिर कैसा विकास करने का दावा किया जा रहा है.
उनका विकास सारदा से नारदा तक की है. इसका प्रमाण कोलकाता के बड़ा बाजार में फ्लाई ओवर पुल का निर्माण के दौरान ध्वस्त होना है. जब घटना घटी तो इसका सारा दोष वाममोर्चा और कंपनी के ऊपर मढ़ा गया जबकि उनके ही सांसद सुदीप मुखर्जी ने फ्लाई ओवर का नक्शा गलत होने की जानकारी राज्य सरकार को दी थी. इसके बावजूद भी सरकार इसे नजरअंदाज करते हुए कंपनी के उपर दबाब बनाते हुए फ्लाई ओवर चुनाव पूर्व करने का निर्देश दे दिया.
