हावड़ा : अमृतसर एक्सप्रेस में नाबालिग से गैंगरेप के फरार दो आरोपी जवानों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी पंकज कुमार और बालक राम यादव को शुक्रवार को जीआरपी और जांच टीम ने गुवाहाटी एयरपोर्ट से हिरासत में लिया. शनिवार को दोनों आरोपियों को हावड़ा के सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिनों की जेल हिरासत में भेज दिया गया.
गौरतलब है कि तीसरे आरोपी मंजरीश त्रिपाठी को घटना के दिन ही मुधपुर से गिरफ्तार कर लिया गया था. अभी वह पुलिस हिरासत में है.आरोपी जवान पंकज बिहार के वैशाली का निवासी है और बालक राम उत्तरप्रदेश के फैजाबाद का रहनेवाला है.
घटना के बाद से ही पंकज और बालक फरार थे. हावड़ा स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 6-7 के सीसीटीवी फुटेज से उनकी शिनाख्त हुई है. गुरुवार को जीआरपी ने सीसीटीवी फुटेज सेना को सौंप दिया था, जिसके बाद जांच ने गति पकड़ी.
ज्ञात हो कि सोमवार को पीड़िता हावड़ा स्टेशन से अमृतसर एक्सप्रेस ट्रेन में सवार हुई थी. आरोप है कि सेना के तीन जवानों ने उसके साथ गैंगरेप किया. घटना की शिकायत हावड़ा जीआरपी में पीड़िता के माता-पिता द्वारा दर्ज कराने के बाद एक आरोपी मंजरीश त्रिपाठी को मधुपुर स्टेशन से हिरासत में लिया गया था. पंकज और बालक के खिलाफ धारा 376, धारा 376 (डी) और पक्सो एक्ट 4 व 8 के तहत मामला दर्ज किया गया है. शुक्रवार देर रात उन्हें कोलकाता लाया गया था.
दोनों ही अगरतला की बीएसएफ यूनिट में कार्यरत थे. सोमवार की घटना के बाद वे मधुपुर से भाग कर अपने घर चले गये थे. शुक्रवार रात को काम पर जाने के लिए अगरतला के लिए वह रवाना हो रहे थे, तभी गुवाहाटी से उन्हें गिरफ्तार किया गया. घटना की जांच सेना के साथ-साथ जीआरपी भी कर रही है.
