आसनसोल : आसनसोल नॉर्थ थाना अंतर्गत गिरमिट उपर धौड़ा निवासी गीता पासवान (32) ने स्थानीय युवकों के खिलाफ स्थानीय थाने में मारपीट करने व प्रताड़ित करने की प्राथमिकी दर्ज करायी.
पीड़िता ने बताया कि शुक्रवार को बिहार से लौटने पर स्थानीय गुड्डू सिंह और उसके सहयोगियों ने उसके साथ बेवजह मारपीट की और गिरमिट स्थित उसके आवास में प्रवेश करने से रोका. उसके पति रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं. उसे अकेली पाकर विभिन्न रूप में उसे प्रताड़ित किया जाता है. उसके साथ मारपीट कर उसके घर में रखे पांच हजार रूपये नगद, टीवी, सोने के गहने, कई साड़ियां, एक मोबाइल फोन लूट लिया गया
इलाके में दाखिल होने पर बुरे अंजाम की धमकी दी गयी. नागरिक अधिकार सुरक्षा समिति के संस्थापक नंद बिहारी यादव ने बताया कि पीड़िता ने उनसे संपर्क किया था. पुलिस ने उसकी प्राथमिकी लेने से इंकार कर दिया था. उन्होंने अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) राकेश सिंह से इसकी शिकायत की. उनके हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की. न्याय नहीं मिलने पर पीड़िता अनुसूचित जन/जन जाति आयोग में शिकायत करेगी.
