आसनसोल : राज्य सरकार द्वारा बर्दवान जिला को दो भागों बांट कर दो नये जिला बर्दवान ग्रामीण तथा बर्दवान शिल्पांचल बनाये जाने के प्रस्ताव को केबिनेट मंजूरी मिलने से शिल्पांचलवासियों में खुशी की लहर है.
खुलेंगे 56 सरकारी विभागों के कार्यालय
राज्य के श्रम मंत्री मलय घटक ने बताया कि बर्दवान जिला को दो भागों में बांट कर विकास किये जाने के लिये दो नये जिलों का गठन किया जायेगा. जिसकी मंजूरी राज्य सरकार द्वारा दे दी गयी है. शिल्पांचलवासियों द्वारा काफी समय से नया जिला बनाने की मांग की जा रही थी.
जिसे तृणमूल सरकार ने पूरा कर दिया. जिला मुख्यालय आसनसोल में बनाने के लिये काफी कुछ विकास कार्य पहले से किया जा रहा था. नया जिले को विकास कार्यो के लिये अलग से फंड आवंटित किया जाता है. जिससे विकास कार्यो में तेजी आयेगी. निवासियों को अपना काम कराने के लिये बार-बार बर्दवान नहीं जाना पड़ेगा. नये जिले में 56 सरकारी विभाग के कार्यालय बनाये जायेंगे. इनमें से आसनसोल में जिला जज का कार्यालय, श्रम विभाग तथा सीएमओएच कार्यालय का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है.
जबकि अन्य विभिन्न सरकारी विभागों के कार्यालय का निर्माण शीघ्र शुरू होगा तथा निर्माण कार्य लगभग छह माह में पूरा कर लिया जायेगा. इससे लोगों को काफी प्रशासनिक सुविधा मिलेगी.
