जामुड़िया :राष्ट्रीय राजमार्ग दो के चांदा स्थित बीके मारुति ऑटो प्राइवेट लिमिटेड के वर्कशॉप में शनिवार की संध्या अत्यधिक लोड होने के कारण ट्रांसफॉर्मर में आग लग गयी. इसके बाद हुए विस्फोट में ट्रांसफॉर्मर के चिथड़े उड़ गये तथा आग से जलते हिस्से चारों तरफ बिखर गये.
इसमें से कुछ आग वर्कशॉप में मरम्मत के लिए लायी गयी कारों तक पहुंच गयी. इसके पहले कि वहां कार्यरत कर्मी भाग पाते या आग नियंत्रित करते, कारों में आग लग गयी तथा मरम्मत कर रहे दो कर्मी जुबैर अहमद तथा सुदामा प्रसाद गंभीर रूप से झुलस गये. चारों तरफ अफरा-तफरी मच गयी. सूचना पाकर रानीगंज तथा आसनसोल के दो दमकल इंजन पहुंची. एक घंटा की मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर नियंत्रण पा लिया. झुलसे दोनों कर्मियों को गंभीर हालत में आसनसोल जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया है. शोरूम प्रबंधक सौम्य मुखर्जी ने कहा कि लाखों रुपये का नुकसान पहुंचा है.
नुकसान का आकलन करने में कुछ समय लगेगा. आसनसोल के दमकल प्रभारी मोहम्मद जावेद ने बताया कि बीके ऑटो के पीछे स्थित वर्कशॉप के समीप एक ट्रांसफॉर्मर फट जाने से आग ट्रांसफॉर्मर के समीप स्थित वर्कशॉप में मौजूद एक्सीडेंट में क्षतिग्रस्त कारों तक पहुंच गयी. जिसके कारण इन कारों में आग लग गयी. आग ने धीरे-धीरे विकराल रूप धारण कर लिया. कार की मरम्मत कर रहे दो कर्मी जुवैर अहमद तथा सुदामा प्रसाद आग की चपेट में आ गये तथा बुरी तरह से झुलस गये.
आग लगने के बाद शोरूम के कर्मियों व स्थानीय नागरिकों ने आग बुझाने की कोशिश की. लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका. इधर प्रबंधन ने इसकी सूचना आसनसोल व रानीगंज स्थित फायरब्रिगेड कार्यालयों व स्थानीय पुलिस को दी. दोनों स्थानों से एक-एक इंजन घटनास्थल पर पहुंची. दमकलकर्मियों ने एक घंटे के अंदर आग पर काबू पा लिया. झुलसे दोनों कर्मियों को गंभीर हालत में आसनसोल जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया है.
बीके ऑटो के प्रबंधक सौम्य मुखर्जी ने बताया कि इस घटना में मरम्मत के लिये आयी नौ कारें जल गयी. लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है. आग से झुलसे दोनों कर्मी मरम्मत का कार्य कर रहे थे. ट्रांसफॉर्मर पर अत्यधिक लोड होने के कारण ही ट्रांसफॉर्मर में आग लगी तथा उसमें विस्फोट हुआ.
