पर्यावरण की रक्षा की दिशा में जन माहौल बनाने की कोशिश
विभिन्न ट्रांसपोर्ट यूनियनों के साथ बैठक की महकमाशासक ने
आसनसोल : बर्दवान के जिलाशासक डॉ सौमित्र मोहन की पहल पर आगामी 15 दिसंबर को आयोजित होने वाले जिलास्तरीय कार बाइक फ्री डे को सफल बनाने के लिये गुरुवार को महकमा शासक अमिताभ दास ने अपने कार्यालय में बस, टैक्सी तथा परिवहन यूनियनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में आइनटीटीयूसी से संबंधित आसनसोल सब डिवीजनल मोटर ट्रांसपोर्ट वर्कर्स यूनियन के सचिव राजू अहलूवालिया, टैक्सी यूनियन के मनोज यादव, विकास चट्टराज, राजा मुखर्जी, मिंटू सिंह समेत आसनसोल बस तथा आसनसोल मिनी बस एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद थे.
महकमा शासक श्री दास ने इस दौरान विभिन्न परिवहन यूनियन के पदाधिकारियों को कार बाइक फ्री डे को सफल बनाने के लिये सहयोग करने की अपील की. 15 दिसंबर को बसों का परिचालन सुचारू रखने का निर्देश दिया.
जिससे लोगों को उस दिन किसी भी प्रकार का सामना नहीं करना पड़े. उन्होंने कहा कि अधिसंख्य कार व बाइक मालिक अपने वाहनों का उपयोग नहीं करेंगे. इस स्थिति में उनके कार्यालय जाने या आवश्यक कार्य निष्पादन के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट का ही सहारा रहेगा. यदि उन्हें इस कार्य में परेशानी होगी तो इस पहल का कोई औचित्य नहीं रह जायेगा. उन्होंने कहा कि उक्त डे के आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है.
लोगों से अपना निजी वाहनों का उपयोग नहीं कर बस, साइकिल तथा पैदल चलने की अपील की गयी है. जिससे लोग वाहनों से हो रहे प्रदूषण के प्रति जागरूक होने के साथ पर्यावरण के प्रति अपने दायित्व का पालन करने में योगदान करे. बैठक में उपस्थित सभी परिवहन के यूनियनों के पदाधिकारियों ने कार बाइक फ्री डे को सफल बनाने के हर संभव सहायता करने का आश्वासन दिया.
