पानागढ़, दुर्गापुर में बनेगा आइटी हब

दुर्गापुर : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार की रात दुर्गापुर स्टील प्लांट के गेस्ट हाउस में प्रशासनिक बैठक की. इसमें आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त सिद्धनाथ गुप्ता, जिलाशासक डॉ सौमित्र मोहन, एसडीएम कस्तूरी सेन गुप्ता के अलावा अन्य अधिकारी उपस्थित थे. बैठक में मुख्य रूप से विधि व्यवस्था एवं शहर के विकासमूलक कार्यो को […]

दुर्गापुर : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार की रात दुर्गापुर स्टील प्लांट के गेस्ट हाउस में प्रशासनिक बैठक की. इसमें आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त सिद्धनाथ गुप्ता, जिलाशासक डॉ सौमित्र मोहन, एसडीएम कस्तूरी सेन गुप्ता के अलावा अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

बैठक में मुख्य रूप से विधि व्यवस्था एवं शहर के विकासमूलक कार्यो को लेकर चर्चा की गयी. बुधवार को पुरुलिया रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री से आसनसोल नगर निगम के मेयर जितेंद्र तिवारी, बर्दवान जिला तृणमूल कांग्रेस(आसनसोल) के अध्यक्ष वी शिवदासन उर्फ दासू, दुर्गापुर(शिल्पांचल) तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष उत्तम मुखर्जी ने मुलाकात की.

मुख्यमंत्री ने इन्हें जिला कमेटी के गठन के साथ ब्लॉक कमेटी का गठन कर शिल्पांचल और कोयलांचल में शेष कार्यो को पूरा करने का आदेश दिया. उन्होंने आसनसोल के मेयर जितेंद्र तिवारी को दुर्गापुर में एक बेहतर स्टेडियम का निर्माण हो, इसकी योजना बनाकर भेजने को कहा है.

पत्रकारों से मुखातिब होकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि आगामी सात दिसंबर को अंडाल के काजी नजरुल इस्लाम हवाई अड्डा से एयर इंडिया का विमान कोलकाता से अंडाल और अंडाल से दिल्ली के लिये रवाना होगा. सप्ताह में तीन दिन यह परिसेवा उपलब्ध होगी. सात दिसंबर को वह विमान में स्वंय रहेंगी. उन्होंने कहा कि भूटान एयरलायंस से भी अंडाल में परिसेवा शुरू करने को कहा गया है.

अंडाल में चीन की कंपनी कारखाना बना रही है. बर्दवान को व्यवसाय क्षेत्र बनाया जा रहा है. पानागढ़ में आइटी हब बनेगा. दुर्गापुर में भी इसकी संभावना देखी जा रही है. आसनसोल-दुर्गापुर एक व्यवसाय केंद्र बने इसके लिये कड़ी मेहनत करने पर उन्होंने बल दिया. उन्होंने कहा कि बहुत जल्द आसनसोल को जिला घोषित किया जायेगा.

मेयर ने क्लबों को सौंपा चेक

दुर्गापुर. राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को बर्दवान में सरकारी कार्यक्रम के दौरान दुर्गापुर के दस क्लबों दो-दो लाख देने की घोषणा की. बुधवार को दुर्गापुर नगर निगम के मेयर अपूर्व मुखर्जी ने शहर के आठ क्लबों को दो-दो लाख का चेक सौंप दिया. उन्होंने क्लब के अध्यक्ष तथा सचिवों को धनराशि का सदुपयोग करने का मशविरा दिया.

मुख्यमंत्री के सफर के पूर्व अशांत हुआ वीरभूम

पानागढ़. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के गुरुवार को वीरभूम जिला दौरे के पूर्व ही जिले के बोलपुर थाना स्थित मनोहरपुर गांव में इलाका दखल को केंद्र कर तृणमूल के दो गुटों में संघर्ष के दौरान सुबह से ही बमबाजी जारी है.

बमबाजी के कारण पूरा क्षेत्र दहशत में है. साधारण लोगों में भय, अशांति है. भारी संख्या में पुलिस बल को गांव के बाहर उतारा गया है. परिस्थति सुबह से विस्फोटक बनी हुयी है. दोनों गुटों की ओर से रह-रह कर बमबाजी की जा रही है.

संघर्ष के दौरान तृणमूल कर्मी का हाथ उड़ गया था. घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने परिस्थिति संभाल लिया था. चूंकि गुरुवार को सिउड़ी में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की प्रशासनिक जनसभा होनी है. इसके कारण पुलिस बल तनाव के बावजूद हटा लिया गया था. लेकिन आज सुबह से फिर स्थिति भयावह हो गयी है. बमबाजी को देखते हुए पुलिस बल को उतारा गया है. खबर लिखे जाने तक तनाव कायम था. पुलिस घटना को अविलंब रोकने के लिये एड़ी-चोटी के प्रयास में लगी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >