रानीगंज : आसनसोल नगर निगम के मेयर जितेंद्र तिवारी पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार नगर निगम के रानीगंज कार्यालय पहुंचे. रानीगंज चेंबर ऑफ कॉमर्स तथा रानीगंज सिटीजन्स फोरम के प्रतिनिधि मंडल ने पुष्पगुच्छ देकर उनका सम्मान किया. मौके पर रानीगंज चेंबर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद खेतान, सचिव अरुण भरतीया, विजय खेतान, संदीप भालोटिया, प्रदीप बाजोरिया, संजय डालमिया, रानीगंज सिटीजन्स फोरम के अध्यक्ष डॉ रामदुलाल बसू सचिव रविंद्र सिंह, सुशील गणोड़ीवाल, इंदर सिंह, विद्युत पांडे, परवेज अख्तर, कोषाध्यक्ष संजय बाजोरिया, मोहम्मद अनवर आदि उपस्थित थे.
मेयर श्री तिवारी ने कहा कि आसनसोल नगर निगम में विलय के बाद रानीगंज और अधिक उन्नत होगा. इसके लिये उन्होंने सभी से आगे आने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि शीघ्र ही रानीगंज की समस्या को लेकर पार्षदों के साथ बैठक की जायेगी.
बायो मेट्रिक्स तथा हाउसिंग फॉर ऑल शीघ्र ही
रानीगंज कार्यालय में निगम के कर्मियों को निर्धारित समय पर आने तथा जाने के लिये शीघ्र ही बायोमेट्रिक्स मशीन लगायी जायेगी. खरीद का आर्डर दे दिया गया है. गरीबों के लिये घर बनाने की परियोजना के तहत हाउसिंग फॉर ऑल एक महीने के भीतर चालू किया जायेगा.
श्री तिवारी ने रानीगंज के मुख्य मार्ग एनएसबी रोड के किनारे जगह-जगह जमा कचरा को लेकर रानीगंज कार्यालय के अधिकारी अमित चटर्जी को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि सफाई में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.
