आद्रा : संपत्ति के लिये कलियुगी पुत्र ने पिता की पीट-पीट कर हत्या कर दी. घटना पुंचा थाना के नपाड़ा भांगागोड़ा गांव की है. पुलिस ने मृतक का नाम सनातन सोरंग (65) बताया है.
सनातन के भाई मनिंद्र सोरेन ने बताया कि संपत्ति के बंटवारे को लेकर आये दिन भैया तथा उनके एक मात्र पुत्र अविनाश के बीच झगड़ा होता था. सोमवार की रात भी दोनों में बहस होने लगी. इसी दौरान अविनाश ने लोहे के रड से पिता पर वार कर दिया. लहुलूहान होकर भैया घर में पड़े रहे. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस को जानकारी दी गयी. सनातन को प्रखंड स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मंगलवार को शव का अंत्यपरीक्षण पुरुलिया सदर अस्पताल में किया गया. पुलिस ने मौके पर पहुंंचकर अविनाश को गिरफ्तार कर लिया.
बारात में नाचने के दौरान बाराती की मौत
आद्रा. दोस्तों के साथ बारात में नाचने के दौरान मोहम्मद कमार उद्धीन(30) की मौत हो गयी. घटना सोमवार की रात रघुनाथपुर थाने के जामुआ गांव में हुयी. घटना से विवाह की खुशी मातम में बदल गयी. वह आद्रा थाना अंतर्गत पांचुडांगा निवासी था. पुलिस तथा स्थानीय सूत्रों ने बताया कि कमारउद्धीन अपने दोस्तों के साथ बारात में नाच रहा था. उसी दौरान वह अचानक गिर पड़ा और बेहोश हो गया. उसे तुरंत रघुनाथपुर अनुमंडल स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया है. मंगलवार को शव का अंत्यपरीक्षण पुरुलिया सदर अस्पताल में किया गया.
