नितुरिया : पुरुलिया जिला प्रशासन ने बालू उठाव में अनियमितता को रोकने के लिए नए साल की पहली तारीख से ई-चालान की व्यवस्था की है. इसके साथ ही खनिज पदार्थ क्वार्ट्ज तथा ग्रेनाइट के लिए भी ई-चालान की व्यवस्था की गई है.
पुरुलिया सर्किट हाउस में सोमवार को एक बालू लीज होल्डरों के लिए इस चालान की व्यवस्था कर जिला अधिकारी राहुल मजूमदार ने इसका उदघाटन किया. जिला प्रशासन के पास जिलेभर में बालू माफियाओं के फैले जाल और काफी परिमाण में जिले के विभिन्न घाटों से बालू चोरी किए जाने के आरोप लगते रहे हैं. इसे देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा कठोर कदम उठाए गए हैं.
जिला अधिकारी राहुल मजूमदार ने कहा कि बालू उठाव में पारदर्शिता लाने के लिए धीरे-धीरे कई कदम उठाए जा रहे हैं. जिसके तहत ई-चालान एक अन्यतम व्यवस्था है. नए वर्ष की 1 जनवरी से पुरुलिया में इसे लागू कर दिया जाएगा. इस कार्य के लिए समस्त बालू होल्डरों को प्रशासन मदद करेगा. उन्होंने कहा कि पहले कागजी कार्रवाई होती थी, इससे एक चालान पर दिन भर लोग बालू उठाते थे. इसमें कुछ पता नहीं चलता था.
अब ई-चालान पूरी तरह कंप्यूटरीकृत होगा. इसके तहत बालू लादकर ले जानेवाले वाहनों का पूरा उल्लेख रहेगा. साथ ही ऐप के जरिए भूमि व भूमि सुधार विभाग इस पर नजर रखेगा. प्रशासन के निर्दिष्ट वेबसाइट पर निर्देशिका के आधार पर आवेदन करने पर लीज होल्डर चालान पा सकेंगे.
इस दौरान सर्किट हाउस में उपस्थित भूमि व भूमि सुधार विभाग के अधिकारी ने लीज होल्डरों को आवेदन करने के तरीकों के बारे में बताया. लीज होल्डर मालिकों ने इस कार्य का स्वागत किया. इधर जिले के बालू घाटों से बालू चोरी रोकने के लिए सीसीटीवी कैमरा लगाने का काम शुरू कर दिया गया है.
