पानागढ़ : वीरभूम की सांसद शताब्दी राय ने जिले के सिउड़ी रामपुरहाट सड़क की बेहाल व जर्जर हालत को लेकर लोकसभा में आवाज उठाई. बताया जाता है कि जिले की मुख्य सड़क के अलावा अन्य सड़कों की बेहाल व जर्जर अवस्था को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन इस दिशा में कोई काम नहीं होता देख स्थानीय लोगों ने सांसद को इस वाबत शिकायत की थी.
बताया जाता है सांसद द्वारा भी इस मामले को लेकर हाईवे अथॉरिटी से शिकायत की गई थी. लेकिन इस दिशा में जब कोई काम नहीं हुआ तो सांसद ने बाध्य होकर लोकसभा में आवाज उठाते हुए उक्त समस्या को लेकर केंद्र सरकार को आड़े हाथ लिया. हाल ही में कोलकाता से मुर्शिदाबाद जाने के दौरान राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने भी सड़क की जर्जर अवस्था को लेकर आवाज उठाई थी.
60 नम्बर सड़क की जर्जर अवस्था के कारण सिउड़ी रामपुरहाट के मध्य उक्त सड़क मार्ग से यात्री बसों का आवागमन भी बाधित हो गया है. इस रूट की बसें बोलपुर किरनाहार रूट से होकर आवागमन कर रही हैं. इसके कारण यात्रियों को भारी दिक़्क़तों का सामना करना पड़ रहा है. हाइवे सड़क की बेहाल दशा व यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सांसद ने आवाज उठायी.
सड़क मार्ग पर मौजूद विभिन्न सेतु की जर्जर हालत को लेकर भी आवाज उठायी गयी. शताब्दी राय ने बताया कि 1960 के बाद से ब्रिज की जर्जर अवस्था को लेकर कोई मरम्मत कार्य नहीं हुआ. मोरग्राम से दुबराजपुर के मध्य मौजूद तिलपाड़ा ब्रिज , ब्राह्मणी ब्रिज चंद्रभागा ब्रिज आदि ब्रिजों की अवस्था चिंताजनक है. कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना घट सकती है.
