मेयर जितेंद्र तिवारी ने नागरिक सेवा को बताया प्राथमिकता
पूजा के दौरान 30 कॉल आये, सभी समस्याओं का निष्पादन
आसनसोल : त्योहारों के दौरान शहर के नागरिकों के सहयोग के लिये मेयर जितेंद्र तिवारी की पहल पर जारी हेल्प लाईन नम्बर 9434477416, 7866858155 पर विगत सात दिनों में शहर के विभिन्न हिस्सों से नागरिकों के 30 फोन कॉल किये गये. फोन कॉल्स के जरिये प्राप्त सभी मामलों के आलोक में नागरिकों को टोकन नम्बर जारी किये गये और त्वरित कार्यवाही करते हुए समस्या का तुरंत समाधान किया गया. अधिकतर मामले विद्युत एवं जलापूर्ति से जुड़े थे.
निगम प्रवक्ता ने कहा कि पानी से मिली शिकायतें पीएचई विभाग से संबंधित पाये गये. शिकायतें मिलते ही पीएचईडी को सूचित कर समाधान की पहल की गई. विद्युत आपूर्ति से संबंधित मामलों को निकटवर्ती सब स्टेशनों को प्रेषित कर दिया गया. पूजा विशेष हेल्प लाईन शुक्रवार तक सक्रिय रहेगा और नागरिक किसी भी प्रकार की समस्या का समाधान, सहयोग और परामर्श पा सकेंगे.
मेयर जितेंद्र तिवारी ने कहा कि नगर निगम का दायित्व नागरिक परिसेवाओं तक ही सीमित नहीं है. शहर के नागरिकों की हर जरुरत में नगर निगम अपने नागरिकों के साथ है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अनुप्रेरणा से शहर में परिसेवाओं के विस्तार के साथ तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं. त्योहारों में नागरिकों को असुविधा या समस्या के मुखासिन न होना पड़े इसके लिए विशेष हेल्प लाइन नम्बर जारी किये गये थे. उन्होनें कहा कि निगम अंतर्गत 10 बोरो कार्यालयों में भी आपात स्थितियों में नागरिकों के सहयोग के लिए इन्जीनियरों के साथ स्टाफ की टीम का गठन किया गया था. उन्होँने कहा कि नागरिक परिसेवा उनकी प्राथमिकता में है.
