मध्य प्रदेश के आवास विभाग के मुख्य सचिव प्रमोद अग्रवाल के नाम की अनुशंसा
मौजूदा चेयरमैन एके झा सेवानिवृत्त होंगे 31 जनवरी, 2020 को, इसके बाद योगदान
आसनसोल : पब्लिक इंटरप्राइजेज सेलेक्शन बोर्ड (पीइएसबी) ने कोल इंडिया के चेयरमैन पद के लिए भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रमोद अग्रवाल की अनुशंसा की गई है. संभवत: वे पहली फरवरी, 2020 को प्रभार ग्रहण कर सकते हैं. मौजूदा चेयरमैन एके झा 31 जनवरी को सेवानिवृत्त होंगे.
कुछ वर्षों से कोल इंडिया चेयरमैन पद पर भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी नियुक्त हो रहे हैं. आइएएस नरसिंहा राव, एके दुबे, सुतीर्थ भट्टाचार्य चेयरमैन पद से सेवानिवृत हुए थे. इसके बाद पहली सितंबर, 2017 को सीसीएल के सीएमडी गोपाल सिंह को कोल इंडिया चेयरमैन का अतिरिक्त प्रभारी मिला था. 19 अप्रैल, 2018 को कैबिनेट की अप्वाइंटमेंट कमेटी ने गोपाल सिंह को अपर कोयला सचिव सुरेश कुमार को भार देने का आदेश दिया. 24 अप्रैल को अपर कोयला सचिव सुरेश कुमार ने कोल इंडिया चेयरमैन का अतिरिक्त प्रभार ग्रहण किया. श्री कुमार के बाद एके झा नये चेयरमैन बनाये गये.
रामगढ़ के व्यवसायी
पुत्र हैं प्रमोद
श्री अग्रवाल रामगढ़ (झारखंड) निवासी है. वे शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी स्व. बद्री प्रसाद अग्रवाल के पुत्र हैं. अभी भी इनके परिवार की गिनती शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायियों में होती है. इनका मकान मेन रोड स्टेट बैंक के निकट है. दशकों पुरानी गोदरेज कंपनी का शोरुम प्रीमियर एजेंसी इनके परिवार का ही है.
रांची रोड स्थित प्रणति टावर समेत पेट्रोल पंप समेत अन्य प्रतिष्ठान रामगढ़ में हैं. श्री अग्रवाल शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं. इनकी इंटर तक की शिक्षा–दीक्षा केन्द्रीय विद्यालय रामगढ़ में हुई है. कक्षा 10 वीं तथा कक्षा 12 वीं में केन्द्रीय विद्यालय के टॉपर रहे थे. स्कूली शिक्षा के बाद उन्होंने आइआइटी प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की. उन्होंने आइआइटी (मुंबई) में दाखिला लिया. यहां से बीटेक तथा एमटेक किया. उनका चयन भारतीय इंजीनियरिंग सेवा में हुआ. भारतीय रेलवे में इंजीनियर के तौर पर कार्य किया. इसके कुछ दिन बाद श्री अग्रवाल का चयन भारतीय प्रशासनिक सेवा में हो गया.
श्री अग्रवाल रामगढ़ से आइएएस अधिकारी बनने वाले पहले युवक थे. मध्य प्रदेश में उन्होंने कई विभागों में अपनी सेवा दी. वर्तमान में मध्य प्रदेश के शहरी विकास व आवास विकास विभाग के प्रधान सचिव पद पर कार्यरत हैं. इनके छोटे भाई प्रवीण अग्रवाल भी आइआरएस सेवा के पदाधिकारी हैं. इनके बहनोई भी मध्य प्रदेश में आइएएस अधिकारी हैं.
