घपला : ठेका श्रमिक बनने गये मोहिशिला, बर्दवान के दो युवक बने बंधक जयपुर में

12-12 हजार रुपये वेतन, रहना-खाना नि:शुल्क होने का था वायदा पांच माह तक वेतन न मिलने से लौट आया था इन दोनों का सहयोगी जयपुर की ठेका कंपनी से बड़ी राशि हड़प भागने का मामला सामने आया आसनसोल : जयपुर (राजस्थान) में कंपनी की राशि गबन कर भागनेवाले ठेकेदार बिट्टू बर्मन के दो कर्मियों को […]

12-12 हजार रुपये वेतन, रहना-खाना नि:शुल्क होने का था वायदा

पांच माह तक वेतन न मिलने से लौट आया था इन दोनों का सहयोगी
जयपुर की ठेका कंपनी से बड़ी राशि हड़प भागने का मामला सामने आया
आसनसोल : जयपुर (राजस्थान) में कंपनी की राशि गबन कर भागनेवाले ठेकेदार बिट्टू बर्मन के दो कर्मियों को कंपनी ने बंधक बना रखा है. इन कर्मियों के परिजनों ने आसनसोल साउथ थाना में उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई तथा अपने बेटों की घरवापसी की मांग की. पुलिस ने आरोपी बिट्टू को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों कर्मियों की रिहाई के लिए प्रयास जारी है.
विद्यासागर (झारखंड) निवासी बिट्टू बर्मन रेलवे के ठेका श्रमिक का कार्य दिलाने के नाम पर बर्दवान निवासी कार्तिक बर्मन, दिलदारनगर निवासी छोटू प्रसाद और मोहिशीला कुमारपाडा निवासी दिलीप शर्मा को छह माह पहले जयपुर (राजस्थान) ले गया था. उसने 12-12 हजार रूपये वेतन, खाने और रहने की नि:शुल्क व्यवस्था का वादा किया था.
पांच माह तक लगातार काम करने के बाद भी भुगतान न होने तथा कार्य में असुविधा होते देख दिलदारनगर निवासी छोटू जयपुर से आसनसोल लौट आया. इधर 15 दिनों से कार्तिक और दिलीप के परिजन फोन पर बात नहीं कर पा रहे हैं. उन्होंने बिट्टू से पूछताछ की. परंतु बिट्टू कभी केरल तो कभी मुंबई तो कभी गंगटोक में होने की बात कह कर बचता रहा.
कार्तिक के पिता सुरेश बर्मन ने कहा कि बिट्टू का उसके बेटे से पुराना परिचय था. उन्हें जानकारी मिली है कि तीनों लड़कों को जयपुर ले जाकर बिट्टू ने जयपुर के ठेकेदार गज्जू से मोटी रकम की धोखाधड़ी की है. बिट्टू की शादी दिलदारनगर निवासी स्वीटी से हुई है. इसी कारण छोटू से उसका परिचय हुआ. दिलीप की मां ने कहा कि उन्हें उनका बेटा सही सलामत वापस चाहिए.
इस संबंध में परिजनों ने आसनसोल साउथ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई. पुलिस ने विद्यासागर एवं करमाटांड स्थित उसके आवासों पर छापेमारी की. बाद में दिलदारनगर से उसे गिरफ्तार किया गया. पुलिस बिट्टू से पूछताछ कर रही है. दोनों युवकों के बारे में जानकारी ली जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >