अस्पताल की सुरक्षा-व्यवस्था पर उठे सवाल
अस्पताल अधीक्षक ने दिये जांच के आदेश
दुर्गापुर : दुर्गापुर विधाननगर महकमा अस्पताल में चिकित्साधीन मरीज के छत से अचानक गिर जाने से अस्पताल के परिसर में अफरा-तफरी मच गयी. गंभीर रूप से घायल मरीज को सीसीयू विभाग में दाखिल कराया गया है. इस घटना से अस्पताल की सुरक्षा-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गये हैं. वहीं अस्पताल प्रबंधन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिये हैं. मिली जानकारी के अनुसार, इस्पात नगर के सेकेंडरी रोड निवासी बबलू मंडल (42 ) 22 जुलाई को पेट दर्द की शिकायत लेकर विधाननगर महकमा अस्पताल भर्ती हुए थे.
अस्पताल के दूसरे माले पर मेल विभाग में 40 नंबर बेड पर उनका इलाज चल रहा था. बुधवार की शाम बबलू मंडल अपने बेड से उठकर शौचालय के लिये गये और छत से नीचे छलांग लगा दी. यह देख आसपास के लोग दौड़े और उसे गंभीर हालत में सीसीयू में भर्ती कराया.
स्थानीय लोगों ने बताया कि अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है. इसके पहले भी अस्पताल से नवजात शिशुओं का चोरी होने की घटना हुई थी. अस्पताल प्रबंधन मरीजों के सुरक्षा के प्रति लापरवाही बरत रहा है. इस संदर्भ में अस्पताल अधीक्षक देवब्रत दास ने बताया कि शौचालय के समीप छत पर जाने के लिए दरवाजा है, सुरक्षाकर्मियों द्वारा अक्सर दरवाजा बंद कर दिया जाता है ताकि कोई मरीज छत की ओर न जा सके. बुधवार को छत का दरवाजा खुला होने के कारण मरीज छत पर चला गया एवं छलांग लगा दी. उसने किस कारण छलांग लगायी है, इसकी जांच के आदेश दिये गये हैं.
