दुर्गापुर : भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभर में शुरू की गई संकल्प मोटरसाइकिल रैली रविवार को जिला कमेटी की ओर से दुर्गापुर विधानसभा क्षेत्र में संकल्प बाइक रैली निकालने के दौरान पुलिस ने विभिन्न इलाकों से सैकड़ों भाजपा समर्थकों को हिरासत में ले लिया.
भाजपा समर्थकों को हिरासत में लेने के बाद विभिन्न थानों के सामने भाजपा समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस के खिलाफ नारे लगाए. इस्पात नगर के चित्रालय मैदान के समीप एक नंबर ब्लॉक ओर से रैली की शुरुआत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष करने वाले थे.
दिलीप घोष के आगमन को लेकर चित्रालय मैदान जिला अध्यक्ष लखन घुरई के नेतृत्व में काफी संख्या में महिला, पुरुष, युवा समर्थक मौजूद थे. दिलीप घोष के आने के पहले ही दुर्गापुर थाना की पुलिस ने बाइक रैली पर रोक लगा दी. इस बीच भाजपा समर्थकों एवं पुलिस के बीच झड़प होने लगी.
हंगामा कर रहे भाजपा समर्थकों को जबरन हिरासत में लेते हुए गिरफ्तार कर लिया. इसमें जिलाध्यक्ष लखन घुरई, मनोहर कोनार, चंद्रमलिका बनर्जी, अभिजीत दत्ता, देवाशीष राय, संजय मोदी, भोला साव शहीत 50 से अधिक समर्थक शामिल थे.
दूसरी तरफ तीन नंबर मंडल अधीन दुर्गापुर स्टेशन बाजार स्थित भाजपा कार्यालय से निकाली बाइक रैली यात्रा भ्रमण कर समाप्त होने वाली थी की उसी दौरान कोकोवेन थाना की पुलिस ने बाइक रैली को रोककर 20 लोगों को हिरासत में ले लिया.
हिरासत में लिए लोगों में मंडल उपाध्यक्ष संतोष गुप्ता, अध्यक्षता तापस नायक, संजय साव, रवि दास, नरेंद्र डोम, बाचु दुलई शामिल थे. दो नंबर मंडल के एमएएमसी इलाके से निकाली गई बाइक रैली को न्यू टाउनशिप थाना की पुलिस ने रोककर दर्जनों लोगों को हिरासत में ले लिया.
विभिन्न थानों ने भाजपा समर्थकों को हिरासत में लेने से रैली में पहुंचे राज्य अध्यक्ष दिलीप घोष ने प्रशासन को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि जहां पूरे देश में भाजपा की संकल्प रैली उत्साह के साथ सफल हो रही है वहीं राज्य में तृणमूल सरकार संकल्प रैली को रोकने के लिए प्रशासन का इस्तेमाल कर रही है.
बाइक रैली निकालने के लिए पिछले दिनों जिला कमेटी की ओर से अनुमति मांगी गई थी, लेकिन प्रशासन अनुमति नहीं देते हुए जबरन भाजपा समर्थकों को गिरफ्तार कर रही है. पहले भी भाजपा की गणतंत्र बचाओ रथयात्रा को तृणमूल सरकार ने रोक दिया था.
भाजपा के बढ़ते प्रभाव से तृणमूल पूरी तरह डर चुकी है. जो पुलिस अधिकारी तृणमूल के इशारे पर भाजपाइयों पर गिरफ्तार कर रही हैं उन पुलिसकर्मियों को चिन्हित किया जा रहा है. लोकसभा चुनाव की घोषणा होते ही इन सभी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत कर इनके तबादला की मांग की जाएगी.
भाजपा की संकल्प रैली को पुलिस ने रोका
अंडाल. अंडाल प्रखंड में भाजपा की बाइक रैली में सैकड़ों समर्थक समर्थन में पार्टी कार्यालय पहुंचे थे. अंडाल लोको गेट भाजपा पश्चिम बर्दवान जिला पार्टी कार्यालय से सैकड़ों समर्थक बाइक लेकर पश्चिम बर्दवान सहायक सभापति सरोज मंडल के नेतृत्व में निकलने वाले थे. इसी दौरान अंडाल थाना पुलिस के अधिकारी पहुंचे और सभी को बाइक रैली करने से रोका.
इस संबंध में पश्चिम बर्दवान सहायक सभापति सरोज मंडल ने कहा कि पुलिस तृणमूल पार्टी के इशारे पर हमें रैली निकालने से रोका. कहा कि विश्वेश्वरी कोलियरी पार्टी कार्यालय से उखड़ा अंचल सभापति छोटन चक्रवर्ती के देखरेख में रैली निकली जो नीलकंठ स्थान तक पहुंचते ही उखड़ा पुलिस ने सभी बाइक रैली कर्ताओं को रोका और सभी को उखड़ा आउटपोस्ट लाएं. उधर छोड़ा पेट्रोल पंप से परेश घोष पांडेश्वर भाजपा ब्लॉक 2 मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में बाइक रैली निकली थी जिसे डायमंड मोर पहुंचते ही वन बहाल आउटपोस्ट पुलिस ने रोक दिया.
अंडाल थाना प्रभारी राजशेखर मुखर्जी ने कहा कि उनके पास भाजपा की ओर से रैली निकालने की अनुमति का कोई आवेदन नहीं दिया गया था जबकि उच्च माध्यमिक की परीक्षा अभी चल रहा है और इस तरह की रैली की अनुमति देने की अनुमति नहीं है. अगर अनुमति रहती तो कोई हस्तक्षेप की बात ही नहीं थी.
बाइक रैली रोके जाने पर भाजपा ने किया धरना-प्रदर्शन
रानीगंज. भाजपा की राज्य भर में संकल्प यात्रा के तहत बाइक रैली रोके जाने के विरोध में रानीगंज में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी इसका जमकर विरोध किया. रानीगंज रेलवे स्टेशन के समीप से पदयात्रा निकाल कर नेताजी सुभाष स्टेचू के पास पहुंचकर आधा घंटा तक धरना प्रदर्शन किया.
बीजेपी के रानीगंज प्रवक्ता दिनेश सोनी ने बताया कि राज्य भर में निकाले जाने वाले इस संकल्प बाइक रैली को प्रशासन ने रोक दिया. इसके पश्चात भाजपा कार्यकर्ताओं ने पैदल रैली निकालकर परिक्रमा की. पश्चिम बंगाल में भाजपा के प्रभाव से तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो एवं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को रास नहीं आ रहा है.
भाजपा के बढ़ते जनाधार से परेशान होकर जुलूस, सभा तथा अन्य कार्यक्रम पर प्रशासनिक तौर पर कार्रवाई की जाती है. इस अवसर पर रानीगंज भाजपा मंडल के अध्यक्ष शमशेर सिंह, दिनेश सोनी, मदन त्रिवेदी, सभापति सिंह, राधेश्याम भगत, प्रवीर गोस्वामी, राजेश मंडल, संजीव मोहंती, कैलाश गोस्वामी सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे.
