दुर्गापुर : क्रिसमस डे यानी प्रभु यीशु का जन्मदिन मंगलवार को शिल्पांचल व इसके आसपास के विभिन्न चर्चों में धूमधाम के साथ मनाया गया. चर्च में प्रार्थना सभाएं की गयीं और प्रभु यीशु के संदेशों को लोगों तक पहुंचाया गया. साथ ही केक भी काटे गये. सुबह विभिन्न चर्चों में मिस्सा बलिदान और प्रार्थना हुई.
इसके बाद लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर क्रिसमस की बधाई दी और केक खिलाया. यीशु के जन्म पर जहां चर्चों में लाइटों की आकर्षक सजावट की गई थी, वहीं घरों में भी क्रिसमस ट्री सजाया गया था.
क्रिसमस को लेकर शहर के सिटी सेंटर इलाके में स्थित संत टेरेसा केथोलिक चर्च, विधाननगर स्थित संत माइकल चर्च, बेनाचिती स्थित यूनाइटेड चर्च सचित अन्य चर्चों मे विशेष तैयारी की गई थी.
चर्च में सोमवार रात 11 बजे से ही यीशु के जन्म की प्रतीक्षा करते हुयो श्रद्धालुओं ने कैरोल गीत शुरू किया था. रात 12 बजे बेल बजते ही सभी ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दी.
इस दौरान हैप्पी क्रिसमस, हैप्पी क्रिसमस से वातावरण गूंज उठा. लोगों ने एक-दूसरे को यीशु के जन्म की बधाई दी. चर्च में सुबह फर्स्ट मास हुआ. फादर ने यीशु के रक्त और मांस का प्रतीक रोटी का टुकड़ा लोगों को परम प्रसाद के रूप में दिया. संदेश में फादर ने कहा कि मनुष्य अपनी खुशी और स्वार्थ में अंधा हो गया है.
उसे दूसरों की परेशानियों और समस्याओं से मतलब नहीं है. उन्होंने कहा कि यीशु का जन्म गौशाला में हुआ था. उनके पिता जोजफ सराय और जगह-जगह गए, लेकिन कहीं जगह नहीं मिली. अंतत: गौशाला में ईश्वर के पुत्र ने जन्म लिया. उन्होंने कहा कि इससे हमें संदेश मिलता है कि ईश्वर कमजोर और असहायों का साथ देता है.
क्वायर ग्रुप ने मैंने बालक यीशु पाया.., देखूं चरनी में यहूदा नगरी में.., तुम्हारे लिए जन्मा सितारा बड़ा दमका.. आदि गीत गाकर माहौल भक्तिपूर्ण कर दिया. लोगों ने प्रभु यीशु के बताये मार्गों पर चलने का अनुसरण किया. प्रार्थना सभा के साथ-साथ सांता क्लॉज़ ने बच्चों में चॉकलेट एवं उपहार बांटे.
इस दौरान सभी लोगों ने मोमबत्ती जलाकर प्रभु का नमन किया. इस मौके पर चर्च में झांकिया भी सजायी गयी थीं, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और प्रभु के संदेशों को जाना. चर्च के बाहर मेले जैसा दृश्य बना रहा. बच्चों, युवतियों व महिलाओं की भीड़ ज्यादा रही. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस भी तैनात रही.
क्रिसमस पर चर्चों के अलावा विभिन्न पार्कों में लोगों की भारी भीड़ जमा हुई. सिटी सेंटर के टॉयरेका पार्क में काफी लोगों की भीड़ जमा हुई. लोगों के साथ-साथ बच्चों के मनोरंजन के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे. इस्पात नगर के मोहन कुमार मंगलम पार्क में हर वर्ष की भांति लोगों की भीड़ जमा हुई.
बांकुड़ा में हर्षोल्लास के साथ मना क्रिसमस का पर्व
बांकुड़ा. जिले के कोने-कोने में क्रिसमस का त्यौहार धूमधाम से मनाया गया. भव्य ढंग से सजे चर्च मोड़ स्थित सेंट्रल चर्च, सर्कस मैदान स्थित चर्च में क्रिसमश डे पर प्रार्थना सभाएं की गईं. इसमें शामिल मसीही समाज के साथ ही अन्य समुदाय के लोगों को ईसा मसीह के संदेश सुनाये गये. श्रद्धालुओं ने ईसा मसीह की प्रतिमा के सामने कैंडल जलाया.
बांकुड़ा विधायक शंपा दरीपा भी इस दौरान उपस्थित थी. उन्होंने लोगों को क्रिसमस की बधाई दी. जंगलमहल इलाके के सारेंगा चर्च में भी मसीहा समाज के लोगों के साथ अन्य समुदाय के लोगों का जमावड़ा देखा गया. चर्चों में प्रभु ईसा मसीह के जन्म की झांकियां सजाई गई थी. लोगों ने केक की जमकर खरीदारी की. केक की दुकानों में मंगलवार को भी भारी भीड़ देखी गई.
क्रिसमस पर किडजी के बच्चों ने की धमाचौकड़ी
बांकुड़ा : रवीन्द्र भवन में किडजी स्कूल ने क्रिसमस सेलिब्रेशन का आयोजन किया. उद्घाटन बांकुड़ा विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर डॉ देवनारायन बंदोपाद्याय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
बांकुड़ा गर्ल्स प्राइमरी स्कूल के प्रधानाध्यापक दीनबन्धु भूषण, क्रिश्चन कॉलेज के अध्यापक अरविंद चट्टोपाध्याय, पत्रकार सुकुमार बंद्योपाद्याय, बासुदेव दे तथा अन्य उपस्थित थे.
स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर सबका दिल जीत लिया. विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर स्थान अर्जित करने वाले बच्चों को अतिथियों ने पुरस्कृत किया. स्कूल प्रबंधन ने बताया कि बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिये क्रिसमस सेलिब्रेशन किया गया.
