खगड़िया : एनएच 31 पर दुर्गापुर के समीप ऑटो व कमांडर जीप की टक्कर में आमने सामने हुई टक्कर में तीन महिला सहित चार लोगों की मौत हो गयी. घटना शनिवार के दोपहर की है. यात्रियों से भरा कमांडर जीप खगड़िया से मुंगेर घाट की ओर जा रहा था. तभी मुंगेर घाट की ओर से खगड़िया आ रही ऑटो की टक्कर दुर्गापुर के समीप आमने सामने हो गयी.
ऑटो पर सवार चार लोगों की मौत हो गयी. जबकि घायलों को स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. जख्मी लोगों के पहुंचते ही अस्पताल में अफरा तफरी मच गयी. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने लगभग एक घंटे तक सड़क जाम कर मृतक के परिजनों को बुलाने की मांग कर रहे थे. इधर पुलिस के समझाने बुझाने के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम को समाप्त कर दिया.
चिकित्सकों की टीम द्वारा प्राथमिकी उपचार कर आधे दर्जन यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. मिली जानकारी के अनुसार छठ पर्व को लेकर व्रतियों द्वारा गंगा स्नान करने की परंपरा वर्षों चली आ रही है. छठ व्रती कमांडर जीप से मुंगेर गंगा घाट स्नान करने जा रहे थे. इसी दौरान यह हादसा हुआ. घटना स्थल पर तीन यात्रियों की मौत हो गयी. जबकि एक यात्री की मौत इलाज के लिए बेगूसराय जाने के दौरान रास्ते में हो गयी. मालूम हो कि इस दौरान अस्पताल में मृतक के परिजनों की भीड़ लगी रही. चारों ओर अफरा तफरी मची थी.
