पानागढ़ : पूर्व बर्दवान जिले के गलसी एक ब्लॉक स्थित बुदबुद बाजार के आमरा कजन स्पोर्टिंग क्लब विलुप्त होती जा रही ग्राम बांग्ला की थीम पर भव्य पंडाल बना रहा है. बंगाल की ग्रामीण संस्कृति और परिवेश पूजा मंडप में देखने को मिलेगा.
संघगुप, कमांची तथा सांप का खेल लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेगा. प्लाई बोर्ड, बॉस, टोकरी, नारियल पेड़ के विभिन्न उपयोगी सामग्री, खजूर पेड़ पत्ता, पाट, धान, घास, सुतली, बेचाली, कपड़ा आदि का इस्तेमाल पंडाल निर्माण में किया जा रहा है. प्रतिमा अत्याधुनिक रूप और सज्जा से सुशोभित होगी. पूजा कमेटी के सदस्य नीलोत्पल पाल ने बताया कि क्लब ने 46वें वर्ष में प्रवेश किया है.
पंचमी से लेकर एकादशी तक प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे. दशमी को शोभायात्रा और प्रतिमा विसर्जित होगी. पूजा का कुल बजट इस वर्ष साढ़े छह लाख है. पंडाल निर्माण हुगली जिले के मोगरा के स्वपन मालाकार कर रहे हैं. विद्युत सज्जा चंदननगर के कारीगर करेंगे.
