जामुड़िया : चोरी के संदेह में नौकरानी व अन्य तीन युवकों पर पुलिसिया जुल्म के खिलाफ पश्चिम बंग गणतांत्रिक महिला समिति बर्दवान जिला कमेटी ने गुरूवार को केंदा फांड़ी के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया. बाद में सीआई चंद्रशेखर दास को ज्ञापन सौंपा. विरोध प्रदर्शन के दौरान जामुड़िया विधायक जहांरा खान, गीता मुखर्जी, कृष्णा दास गुप्ता, जामुड़िया माकपा जोनल सचिव मनोज दत्त सहित काफी संख्या में महिला, पुरूष मौजूद थे.
उल्लेखनीय है कि बीते नौ सितंबर को केंदा फाड़ी अंतर्गत धसल ग्राम के स्वर्ण व्यवसायी के घर से लाखों रूपये के स्वर्णाभूषण तथा नगदी चोरी मामले में केंदा पुलिस ने घर की परिचारिका चाइना खान के साथ भोलानाथ कर्मकार, तपन बावरी तथा मनीष बावरी को रात में घर से लाकर उनकी बेधड़क पिटाई की थी.
पुलिस ने जब उन्हें आसनसोल न्यायालय में पेश किया तो महिला ने आसनसोल कोर्ट के न्यायाधीश से कहा कि पुलिस ने उसकी अमानवीय रूप से पिटाई की. इसके आधार पर आसनसोल न्यायालय के न्यायाधीश ने केंदा फाड़ी प्रभारी मलय दास को कारण बताओ नोटिस जारी किया था. गुरूवार को जामुड़िया के विधायक जहांनारा खान के नेतृत्व में माकपा से संबंधित महिला समिति ने थाना के समक्ष विरोध प्रदर्शन करते हुए सीआई के हाथों ज्ञापन पत्र सौंपा.
विधायक जहानारा खान ने बताया कि जिस राज्य की मुख्यमंत्री महिला है, उस राज्य में महिलाओं के ऊपर अत्याचार कहां तक उचित है ? वह यह मामला विधानसभा में उठायेंगी. राज्य की मुख्यमंत्री से आवेदन करेगी कि केंदा फाड़ी को वो अपने हाथों से पुरस्कृत करें. उन्होंने बताया कि इलाके में कोयला, लोहा, बालू का अवैध कारोबार फलफूल रहा है.
अवैध जुआ, सट्टा तथा शराब के ठेकों की भरमार है लेकिन पुलिस इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है. पुलिस अवैध रूप से वाहनों से पैसा वसूलने में लगी रहती है. अपराधियों पर नकेल कसने के बजाय पुलिस गोरखधंधा में जुटी हुई है. चोरी के आरोप में महिला की अमानवीय तरीके से पिटाई की गई है. महिला समिति उसका पुरजोर विरोध कर रही है. प्रशासन यदि इस विषय में कदम नहीं उठायेगा तो आने वाले समय में महिला समिति और बड़ा आंदोलन करेगी.
