पांडेश्वर : हिंदी पखवाड़ा का समापन पांडेश्वर क्षेत्रीय कार्यालय के सभागार में पुरस्कार वितरण के साथ हो गया. इस अवसर पर क्षेत्र के महाप्रबंधक अरूण कुमार झा ने कहा कि हिंदी हमारी राष्ट्र की भाषा है. हमें हिंदी को बढ़ावा देने के लिये हिंदी में कार्य करना चाहिये. आज हिंदी को समझने और सीखने के लिये विदेशों से छात्र-छात्राएं भारत आ रहे हैं.
विश्व के कुछ विद्यालयों में हिंदी भाषा की पढ़ाई हो रही है. हम जिसमें हिंदी बसी है, उससे दूर होते जा रहे हैं और अंग्रेजियत का गुलाम हो रहे हैं. उससे बचने की जरूरत है. अंग्रेजी, बांग्ला के साथ हम हिंदी भाषा को महत्व देते हुये कार्यालय प्रयोग में हिंदी को प्रथामिकता दें तभी हम सही मायने में हिंदी दिवस को मना सकते हैं. इसीएल के राजभाषा अधिकारी जितेन कुमार वर्मा ने कहा कि हिंदी प्रतियोगिता में कर्मियो और अधिकारियों का भाग लेना हिंदी के लिये तभी शुभ संकेत हो सकता है, जब हम अंग्रेजी के साथ हिंदी में भी पत्र का लेखन और उत्तर दें.
क्षेत्र एजीएम एके सेनगुप्ता ने भी हिंदी के महत्व पर प्रकाश डाला. क्षेत्र के राजभाषा अधिकारी फनिद्र सिंह ने हिंदी को प्रयोग पर बल देते हुए कहा कि हिंदी में कार्यालय पत्र का उत्तर भी हिंदी में कार्मिक विभाग की तरफ से दिया जाता है और हिंदी के विकास में ईसीएल प्रबंधन हरसंभव मदद के लिये तैयार है. समापन के दौरान अभियंता विभाग के कनिष्ठ अभियंता मनोज सवथवाल और सुरक्षा विभाग के एसएसआई काजल चटर्जी समेत अन्य प्रतियोगियों को पुरस्कार भी दिया गया.
