बांकुड़ा : खातड़ा में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष पर हमले के खिलाफ विष्णुपुर सांगठनिक जिला भाजपा ने रामसागर में एनएच 60 जाम कर प्रदर्शन किया. मौके पर जिला महासचिव अमरनाथ शाखा, जिला नेता अंजन नाग चौधरी, कल्याण चटर्जी एवं अन्य उपस्थित थे. आधे घंटे तक अवरोध चला.
घटना के विरोध में जिले के कई हिस्सों में भाजपा ने रैलियां निकालीं. उल्लेखनीय है कि खातड़ा में भाजपा कार्यकर्ता के घर भोजन करने के दौरान प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष व अन्य भाजपा नेताओं पर ईंट, पत्थर फेंके गये. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के वाहन में तोड़फोड़ की गयी. घटना के बाद खातड़ा दक्षिण मंडल अध्यक्ष मृणमय महतो ने छह लोगों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है.
भाजपा घटना के पीछे तृणमूल का हाथ बता रही है. दूसरी ओर, तृणमूल ने आरोप को बेबुनियाद एवं झूठा करार दिया है. गुरूवार को विश्व आदिवासी दिवस पर खातड़ा में आयोजित एक सभा को प्रदेश अध्य्क्ष श्री घोष ने संबोधित किया. मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ सुभाष सरकार, जिला अध्यक्ष विवेकानंद पात्र एवं अन्य जिला नेता उपस्थित थे.
हमले के खिलाफ दुर्गापुर में भाजपा की रैली
दुर्गापुर. बांकुड़ा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष पर हमले के प्रतिवाद में गुरूवार को दुर्गापुर के सिटी सेंटर इलाके में भारतीय जनता पार्टी ने प्रतिवाद रैली निकाली. इस दौरान काफी संख्या में भाजपा से जुड़े महिला, पुरुष एवं युवा शामिल थे. रैली सिटी सेंटर के विभिन्न इलाकों का परिक्रमा कर बस पड़ाव तक गयी.
बस पड़ाव पर एक सभा आयोजित की गयी. भाजपा जिलाध्यक्ष लखन घुरुई ने कहा कि राज्य में बैठी सरकार के तानाशाही रवैये के कारण पूरे राज्य में अराजकता फैल रही है.
तृणमूल कार्यकर्ता गुंडा वाहिनियों के साथ मिलकर भाजपा समर्थकों पर लगातार हमला कर रहे हैं. दिलीप घोष पर हुए हमले के पीछे तृणमूल का हाथ है. राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन लगातार जारी रहेगा. मौके पर प्रदीप मंडल, सुमना राय, प्रकाश प्रसाद, चलपति राव आदि उपस्थित थे.
जामुड़िया में भाजयुमो की प्रतिवाद सभा
जामुड़िया. जामुड़िया भारतीय जनता युवा मोर्चा ने गुरूवार को जामुड़िया अपायन भवन से प्रतिवाद रैली निकाली. सिनेमा मोड़, बाटा मोड़, जामुड़िया बाजार, काली मंदिर बाइपास रोड, जामुड़िया नंदी रोड होकर वापस अपायन भवन जाकर समाप्त हुयी. भाजयुमो नेता संतोष मुखर्जी ने कहा कि बाकुड़ा में टीएमसी ने दिलीप घोष पर हुये हमले के विरोध में प्रतिवाद रैली निकाली गयी है. इसके साथ ही रैली में कोलकता में 11 अगस्त को आयोजित अमित शाह की सभा को सफल बनाने के लिये उसमें भारी संख्या में शामिल होने के लिये लोगों से अपील की गयी.
रैली के माध्यम से राज्य में एनआरसी लागू करने की मांग की गयी. भाजपा नेता संतोष सिंह ने कहा कि रैली निकालने के लिये अनुमति लिये जाने के बावजूद जामुड़िया पुलिस ने निर्धारित रूट से जुलूस नहीं निकलने दिया. इस कारण रैली दूसरे रूट से होकर गयी.मौके पर दिग्विजय सिंह, डॉ प्रमोद पाठक, राजू बाउरी, लखन बाउरी, राणा बनर्जी एवं अनिरुद्ध पासवान उपस्थित थे. दूसरी ओर, मुद्दे को लेकर रानीगंज भाजपा मंडल ने नेताजी सुभाष स्टैच्यू
के समीप नुक्कड़ सभा का आयोजन किया. सभा में भाजपा नेता सभापति सिंह, ओंकार केशरी, दिनेश सोनी, श्रीराम सिंह, अलखदेव पांडेय सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकता उपस्थित थे.
