कोलकाता. नैहाटी थाना अंतर्गत कारीगर पाड़ा के फायर स्टेशन के नजदीक एक मकान में बम बनाने के दौरान विस्फोट होने से दो लोगों की मौत हो गयी. मृतकों के नाम मोहम्मद मैनुद्दीन उर्फ राजू और मोहम्मद सलमान हुसैन बताये गये हैं. दोनों की उम्र 24 से 25 के बीच बतायी गयी है. दोनों नैहाटी के नयाबाजार इलाके के रहनेवाले हैं.
यह घटना रविवार शाम इश्क सरदार रोड के नयाबाजार इलाके में घटी. इस संबंध में बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के सीपी सुब्रत कुमार मित्रा ने बताया कि दोनों शाम काे बम बना रहे थे, तभी बम फटने से दोनों घायल हो गये. दोनों को गंभीर रूप से घायल युवकों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मोहम्मद मैनुद्दीन को मृत घोषित कर दिया. दूसरे घायल को वहां से कल्याणी जवाहर लाल नेहरू अस्पताल ले जाया गया, जहां सुबह उसकी मौत हो गयी.
दोनों अपराध जगत से जुड़े थे : पुलिस
बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसी डीडी अजय ठाकुर ने बताया कि दोनों युवक अपराध जगत से जुड़े हुए थे. इलाके में बम व हथियार की बरामदगी के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. अपराध पर नियंत्रण के लिए कदम उठाया जायेगा.
घटना को लेकर लोगों में आक्रोश
घटना से इलाके के लोगों में आक्रोश है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में अपराधी बम बना रहे हैं, लेकिन पुलिस ऐसे अपराधियों की धर-पकड़ के लिए कोई कदम नहीं उठा रही है. पुलिस की लापरवाही से अपराधियों की गतिविधियां बढ़ गयी हैं.
