मालदा. केले का पेड़ काटने को लेकर हुए पारिवारिक विवाद में छोटे भाई के हाथों बड़ा भाई और भतीजा जख्मी हो गये. दोनों घायलों का इलाज मालदा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है. गुरुवार की सुबह यह घटना कालियाचक थाने के बैरबना गांव में घटी. घायल लोगों की तरफ से राधापद मंडल समेत सात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी गयी है.
पुलिस सूत्रों ने बताया कि घायलों में कालीपद मंडल (60) और उनका बेटा रामपद मंडल (30) शामिल हैं. इन लोगों के साथ एक केला बागान को लेकर राधापद मंडल का काफी दिनों से विवाद चल रहा था.
गुरुवार सुबह राधापद मंडल और उनका दल-बल केले का पेड़ काटने आया. इसका कालीपद मंडल ने विरोध किया. इस पर उन पर हमला कर दिया गया. तभी पिता को बचाने उनका बेटा रामपद पहुंचा. वह भी हमले का शिकार हुआ. घटना के बाद से आरोपी फरार हैं. पुलिस उनकी तलाश कर रही है.
