कोलकाता. कलकत्ता मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में बच्चा चोरी की घटना के बाद अस्पताल में भरती मरीजों व उनके परिजनों के बीच आतंक फैल गया. कई परिजन समय से पहले ही अपने मरीज व नवजात को अस्पताल से ले जाने लगे. अस्पताल में कई दिनों से भरती राजारहाट की गौरी सरदार का 13 दिनों का नवजात है. इस घटना के बाद गौरी सरदार ने अपने नवजात बच्चे की अस्पताल से छुट्टी करायी. गौरी सरदार का कहना है कि बच्चा चोरी की घटना सुन कर वह बहुत डर गयी है.
उन्हें डर लगने लगा है कि कहीं उनके बच्चे की भी चोरी नहीं हो जाये. उन लोगों को अस्पताल से गुरुवार को छुट्टी मिलनी थी, लेकिन उसने आज ही छुट्टी करा ली है और अपने बच्चे को लेकर जा रही है. वह किसी प्राइवेट अस्पताल में अपने बच्चे का इलाज करायेगी. दक्षिण 24 परगना के सुभाषग्राम की सौगुभ्ता गजल का 14 दिनों का बच्चा है.
उसे अस्पताल से शनिवार को छुट्टी मिलनी थी. गजल ने बताया कि टीवी पर यह घटना देख कर उसके पति बहुत ही आतंकित हो गये हैं तथा डॉक्टर से विशेष अनुमति लेकर बच्चे व प्रसूता की आज से अस्पताल से छुट्टी करवा ली है. प्रसूता टुंपा राय को बुधवार को छुट्टी मिलनी थी. उन्होंने ऑपरेशन से बच्चे के जन्म दिया था. टुंपा राय का कहना है कि इस घटना से भयभीत हैं. इस कारण ही वह पहले ही छुट्टी करा कर जा रही है. केवल सिलाई (स्टिच) कटनी है. वह बाद में अस्पताल में आकर कटवा लेगी या फिर किसी प्राइवेट अस्पताल में सिलाई कटवा लेगी.
