मदरसा व मिशनरी स्कूलों में चल रही हैं देशद्राेही गतिविधियां : दिलीप घोष
आरएसएस की ओर से परिचालित स्कूलों पर शिक्षा मंत्री के बयान का दिया जवाब
कोलकाता. राज्य के मदरसा व मिशनरी स्कूलों में देशविरोधी गतिविधियां चल रही हैं. वहां भारतीयों की जीवनी नहीं पढ़ायी जाती. राज्य सरकार को इन मदरसों व मिशनरी स्कूलों पर नजर देने की जरूरत है.
अगर राज्य सरकार इन पर अंकुश नहीं लगाती है, तो यहां पर सिमी, आइएसआइएस, अल-कायदा जैसे संगठनों के आतंकी तैयार किये जायेंगे. ऐसी ही प्रतिक्रिया प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने दी. राज्य के शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी द्वारा आरएसएस संचालित स्कूलों के प्रति उठाये गये सवालों का जवाब देते हुए श्री घोष ने कहा कि यहां के मदरसा व मिशनरी स्कूलों में पढ़ाये जानेवाले विषय विदेशी, इनकी भाषा विदेशी, महापुरुष विदेशी और यहां तक कि इतिहास भी विदेशी तो इससे ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां के स्कूलों में किस प्रकार की शिक्षा दी जा रही है. राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ द्वारा अखिल भारतीय स्तर पर विद्याभारती शिक्षा संस्थान की अधीनस्थ कुल 350 विद्यालय चलते हैं.
इन सभी स्कूलों का संचालन सरकारी गाइड लाइन के अनुसार होता है. वाममोरचा कार्यकाल के दौरान इन स्कूलों को मान्यता नहीं मिली थी, तृणमूल कांग्रेस के कार्यकाल के दौरान 15 स्कूलों को मान्यता मिली थी. वहीं, प्राथमिक स्कूलों के लिए मान्यता की जरूरत नहीं होती, तो इनकी मान्यता रद्द करने की कोई संभावना ही नहीं है.
