कोलकाता : दो यात्री गाडियां आज यहां सियालदह स्टेशन के बाहरी सिगनल पर आमने सामने एक ही पटरी पर आ गयीं लेकिन ट्रेनों की गति काफी धीमी होने के कारण वे पहले ही रुक गयी और एक बडी दुर्घटना टल गयी.
पूर्वी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी आर एन महापात्र ने बताया कि सियालदह लालगोला पैसेंजर ट्रेन के चालक ने प्लेटफार्म नंबर 7 से सुबह 8:10 बजे सिगनल की अनदेखी कर गाडी बढा दी और 8:17 बजे डाउन मुख्य लाइन पर पहुंच गया. उसी समय सामने से बनगांव लोकल यात्री ट्रेन विपरीत दिशा से उसी पटरी पर आ रही थी.
उन्होंने कहा कि दोनों ट्रेनों की गति बहुत धीमी थी और दोनों ट्रेनों के चालकों ने गाडी रोक ली जिससे उनमें टक्कर होने से बच गयी. महापात्र ने बताया कि लालगोला पैसेंजर ट्रेन के चालक, सहायक चालक और गार्ड को निलंबित कर दिया गया और घटना की जांच के आदेश दिये गये हैं. सियालदह लालगोला यात्री गाडी सुबह 9:32 बजे नये चालक, सहायक चालक और गार्ड के साथ अपने गंतव्य के लिये रवाना हुई.
