पीड़ित डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने दबोचा, खुद को बता रहा था मणिपुरी आतंकी संगठन का सदस्य
कोलकाता : पोर्ट इलाके के नदियाल थाने की पुलिस ने खुद को आतंकवादी बता कर एक डॉक्टर से 25 लाख रुपये रंगदारी मांगने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी का नाम अनिमेष कोले (31) है. उसने खुद को मणिपुरी आतंकी संगठन का सदस्य बता कर नदियाल इलाके में रहने वाले एक डॉक्टर से 25 लाख रुपये फिरौती की मांग की थी.
डीसी (पोर्ट) वी सोलोमन निशा कुमार ने बताया कि शुरुआत में ही फोन करनेवाले की बातों से पुलिस को किसी व्यक्ति के साजिश के तहत इस घटना के पीछे जुड़े होने का आभास हुआ था. इस मामले में डॉक्टर से लगातार संपर्क में रह कर स्थानीय थाने की पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. इसके बाद नदियाल इलाके के बेदियापाड़ा रोड से रविवार को उसे गिरफ्तार किया गया.
पुलिस ने उसके पास से मोबाइल व सिम भी जब्त कर लिये हैं. प्राथमिक पूछताछ में उसने बताया कि वह कूचबिहार का रहनेवाला है. नदियाल इलाके में रह कर छोटे-मोटे काम धंधा किया करता था.
इधर, पुलिस सूत्रों के मुताबिक अनिमेष के असम के उग्रवादी संगठन केएलओ से जुड़े होने की आशंका जतायी जा रही थी. लिहाजा प्राथमिक पूछताछ के लिए एसटीएफ के अधिकारी भी नदियाल थाने में पहुंचे थे.
इस दौरान स्थानीय थाने के अधिकारियों के साथ तकरीबन दो घंटे तक उन्होंने बातचीत की. अचानक उसने ऐसा क्यों किया इस बारे में उससे पूछताछ की जा रही है. आरोपी को सोमवार को अलीपुर कोर्ट में पेश किया जायेगा.
