कोलकाता: महानगर की व्यस्तम समय में नोट से भरी गाड़ी के एक पुलिस कर्मी द्वारा हाइजैक कर लेने की खबर से कोलकाता पुलिस में अफरा-तफरी मच गयी. घटना बुधवार शाम 5.15 के करीब घटी थी. डीसी डीडी (2) ने बताया कि कोलकाता पुलिस के डायल 100 नंबर पर कंट्रोल रूम में किसी ने फोन कर रुपये से भरी एक कार को हाइजैक करने की खबर दी.
फोन करने वाला खुद को उस गाड़ी का सुरक्षागार्ड बता रहा था. उसने बताया कि एटीएम में रुपये भरनेवाली गाड़ी तारातल्ला ब्रिज के पास से गुजर रही थी. पुलिस के वेश में अचानक एक व्यक्ति ने उस गाड़ी को रोक कर उसे जोका की तरफ ले जाने लगे.
कंट्रोल रूम में तत्काल इसकी सूचना महानगर के सभी थाने को दी. ठाकुरपुकुर थाने की पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उस गाड़ी को जोका ट्राम डिपो के पास रोक कर अपने कब्जे में ले लिया. पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस कार के कागजात फेल होने के कारण मोटर व्हीकल्स विभाग के अधिकारी कार को जब्त कर अपने विभाग में ले जा रहे है. बात में बातचीत कर पूरे मामले को सुलझा लिया गया.
