कोलकाता: विधाननगर नगरपालिका के 13 नंबर वार्ड में उपचुनाव के मतदान के दौरान कई मतदान केंद्रों पर हंगामा हुआ. सॉल्टलेक के एफई ब्लॉक में माकपा के एक पोलिंग एजेंट को मारपीट कर सिर फोड़ने का आरोप है. उक्त पोलिंग एजेंट को एक निजी अस्पताल में भरती किया गया है.
आरोप है कि एफई ब्लॉक मतदान केंद्र पर तृणमूल के समर्थक फरजी मतदान डाल रहे थे. इसका विरोध करने पर माकपा और तृणमूल समर्थकों के बीच झड़प हो गयी. तृणमूल के हमले से पोलिंग एजेंट बासव बसाक व एक अन्य का सिर फट गया. घटना में कई अन्य भी घायल हो गये. विधाननगर थाना की पुलिस ने वहां से हंगामा कर रहे लोगों को हटा कर स्थिति को काबू में किया.
सूचना मिलने पर माकपा के वरिष्ठ नेता रमोला चक्रवर्ती और पूर्व वित्त मंत्री असीम दास गुप्ता वहां पहुंच गये. उन्होंने घटना के लिए तृणमूल को जिम्मेवार ठहराया. उन्होंने कहा कि राजारहाट और बाहर के युवकों को लेकर तृणमूल ने सॉल्टलेक में मतदान के दौरान आतंक पैदा करने के लिए हंगामा किया है. माकपा नेता अमिताभ नंदी ने आरोप लगाया कि तृणमूल के समर्थकों ने मतदान केंद्र में घुस कर फरजी वोट डाले हैं. उन्होंने तृणमूल के विरुद्ध रिगिंग व बूथ कब्जा करने का आरोप लगाया. सॉल्टलेक के एफडी पार्क में तृणमूल की बाइक वाहिनी की ओर से मतदाताओं में आतंक पैदा करने का आरोप लगाया गया है.
एक-एक मोटरसाइकिल पर तीन-तीन युवक सवार थे. पुलिस ने 15 मोटरसाइकिल सवारों में से एक तृणमूल नेता दिलीप घोष की मोटरसाइकिल को पकड़ा. वह तृणमूल की ऑटो यूनियन के नेता हैं. घटना के सिलसिले में 10 मोटरसाइकिलें जब्त की गयी हैं. सॉल्टलेक के विधाननगर म्यूनिसिपल स्कूल के बूथ में विधाननगर नगरपालिका के उपाध्यक्ष व विधायक साव्यसाची दत्त के अपने अंग रक्षक के साथ घुसने का आरोप है. माकपा का कहना है कि उनके अंगरक्षक ने बूथ के अंदर घुस कर मारपीट की है. दूसरी ओर, राजारहाट-गोपालपुर नगरपालिका के 23 नंबर वार्ड के उपचुनाव के दौरान माकपा प्रत्याशी ज्योतिर्मय मुखोपाध्याय का फ्लैक्स फाड़ने का आरोप है. तृणमूल ने भी फ्लैक्स फाड़ने का आरोप लगाया है. दूसरी ओर, बैरकपुर नगरपालिका के 17 नंबर वार्ड, नैहाटी में छह और 26 नंबर, भाटपाड़ा में 21 नंबर, मध्यमग्राम में 11 नंबर और अशोकनगर कल्याणगढ़ में पांच नंबर बूथ पर शांतिपूर्ण तरीक से उपचुनाव होने की खबर है.
