कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस के महासचिव व राज्य के उद्योग मंत्री पार्थ चटर्जी ने कहा कि उनकी पार्टी भूमि अधिग्रहण अधिनियम 2013 का समर्थन नहीं करती है, क्योंकि अभी कई मुद्दों पर विचार विमर्श की जरूरत है.
श्री चटर्जी सोमवार को एमसीसी की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे. पार्टी के महासचिव व उद्योग मंत्री श्री चटर्जी ने कहा कि राज्य सरकार भूमि अधिग्रहण अधिनियम 2013 को स्वीकार नहीं करती.
जयराम रमेश की खिल्ली उड़ाते हुए उन्होंने कहा कि शायद केंद्रीय मंत्री महोदय आम आदमी की चिंताओं को संतुष्ट किये बगैर किसी खास को संतुष्ट करने की हड़बड़ी में हैं. पार्थ ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस किसी भी प्रकार के जबरन भूमि अधिग्रहण के खिलाफ रही है. राज्य के 70 प्रतिशत लोगों की जीविका खेती पर निर्भर है.
ऐसे में राज्य सरकार इतने लोगों के अधिकारों को अनदेखा नहीं कर सकती. चटर्जी ने कहा कि उनकी पार्टी सेज नीति के भी खिलाफ है, हालांकि हम इंफोसिस से बात कर रहे हैं और मुङो विश्वास है कि हम उन्हें यहां लाने में कामयाब होंगे. उन्होंने राज्य के हालात का जिक्र करते हुए कहा कि बंगाल में समस्या जमीन की नहीं, बल्कि बुनियादी संरचना की है. हम बंद कारखानों की जमीन का इस्तेमाल कर सकते हैं. हमारे पास बंद उद्योगों की 20,000 एकड़ से ज्यादा जमीन है.
