कोलकाता: प्यार के जाल में फंसा कर एक 13 वर्षीया किशोरी को बिहार लेकर भागनेवाले आरोपी को पुलिस ने बिहार के शिवान जिले से गिरफ्तार किया है. घटना गरियाहाट इलाके के बालीगंज प्लेस प्रथम ईस्ट में गत 15 अक्तूबर को घटी. आरोपी का नाम अमरजीत राय उर्फ चौधरी (19) बताया गया है. उसे शिवान जिले के गौतम बुद्ध नगर से गिरफ्तार किया है.
उसके पास पुलिस ने अपहृत किशोरी को भी रिहा करा लिया है. संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) पल्लव कांति घोष ने बताया कि अपहृत किशोरी कक्षा सात की छात्रा है.
ट्रक खलासी का काम करनेवाला अमरजीत लड़की के घर के पड़ोस में रहता था. किशोरी के परिवारवालों ने 15 अक्तूबर की शाम को गरियाहाट थाने में बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज करायी थी. इसके तीन दिन बाद उसके अपहरण की शिकायत भी थाने में दर्ज हुई, जिसके बाद जांच में पुलिस को उसके पड़ोसी के इस घटना में जुड़े होने की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस की एक टीम बिहार के लिए रवाना हुई. वहां शिवान के गौतमबुद्ध नगर स्थित घर से आरोपी गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से किशोरी को भी रिहा कराया गया. इसके बाद वहां के स्थानीय अदालत में पेश कर आरोपी को ट्रांजिट रिमांड में लेकर मंगलवार को उसे महानगर लाया जायेगा.
