नई दिल्ली/कोलकाता. तृणमूल कांग्रेस ने बर्दवान ब्लास्ट और सारधा चिटफंड घोटाले में केंद्र सरकार पर हमला बोला है. तृणमूल कांग्रेस प्रवक्ता डेरेक ओ ब्रायन ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल आरएसएस से सहानुभूति रखने वाले माने जाते रहे हैं.
इसलिए बर्दवान विस्फोट भाजपा के कुटिल मास्टर गेम प्लान का हिस्सा था. ये सभी कुटिल षड्यंत्र आरएसएस मुख्यालय में रचे और मंजूर किए जाते हैं. तृणमूल कांग्रेस की वेबसाइट पर प्रकाशित एक बयान में उन्होंने कहा, यह सब भाजपा के कुटिल मास्टर गेम प्लान का हिस्सा है. वर्तमान प्रधानमंत्री ने बंगाल में समूचे चुनाव प्रचार के दौरान इसका इस्तेमाल किया. यह सिर्फ संयोग नहीं था.
यह एक साजिश थी. डेरेक की टिप्पणी केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के बयानों की प्रतिक्रिया के रूप में आयी है. उन्होंने बयान में कहा, ‘‘श्री जेटली, कुछ भी व्यक्तिगत नहीं है. आप दिल्ली में बैठ कर जो करना चाहते हैं, करें, लेकिन बंगाल, इसके लोगों और तृणमूल कांग्रेस को देशभक्ति और राष्ट्रवाद पर कोई पाठ सीखने की आवश्यकता नहीं है. बंगाल की हवा ने सदियों से राष्ट्रवाद की सांस ली है. डेरेक ने भाजपा से इस साल लोकसभा चुनाव और कुछ राज्यों के विधानसभा चुनावों में हुए खर्च का ब्योरा देने को भी कहा.
उन्होंने कहा, अगर देश को पता चल जाये कि भाजपा ने इस साल चुनावों पर कितना काला धन खर्च किया है तो पार्टी को काली सूची में डाल दिया जायेगा. तृणमूल कांग्रेस भारत के सबसे गरीब राजनीतिक दलों में से एक है. कृपया हमारे निर्वाचन आयोग रिटर्न देखें. तृणमूल नेता ने पार्टी सांसद श्रृंजय बोस के सारधा घोटाले के मामले में गिरफ्तार होने के संदर्भ में कहा, गिरफ्तार किये गये सज्जन बंगाल के एक प्रतिष्ठित अखबार के संपादक और मालिक हैं. उनका परिवार राज्य का जानामाना कारोबारी परिवार है. कुछ साल पहले हमारी पार्टी ने कुछ पत्रकारों और अखबार के लोगों को मौका दिया था और उन्हें शामिल किया था.
संसद में काले धन का मुद्दा उठायेगी तृणमूल कांग्रेस : तृणमूल कांग्रेस ने कहा कि वह संसद के शीतकालीन सत्र में काले धन का मुद्दा उठाएगी और इस मुद्दे पर समान विचार वाले दलों का समर्थन मांगेगी. ओब्रायन ने कहा, ‘‘हमारे लिए काला धन प्राथमिकता वाला मुद्दा है. हम संसद में काले धन के मुद्दे को उठायेंगे. हम इस मुद्दे पर समान विचार वाले दलों का सहयोग भी मांगेंगे. भाजपा ने वादा किया था कि सत्ता में आने के बाद काले धन को वापस लायेगी. उसने झूठा वादा किया था.
सर्वदलीय बैठक में तृणमूल नहीं लेगी हिस्सा : तृणमूल के प्रवक्ता तथा राज्यसभा सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने ट्वीट करके कहा कि संसदीय कार्य मंत्री राजीव रूडी ने सर्वदलीय बैठक बेहद शॉर्ट नोटिस पर रविवार को बुलायी है. किसी कार्य दिवस के दिन क्यों नहीं. क्या सत्र के पहले सरकार डर गयी है. सरकार को एमएनसी के हित का एजेंडा है और हमारा जनता के हित का. काला धन, चुनाव सुधार, सांप्रदायिका, राजनीतिक बदला,100 दिन के कार्य, इन सभी मुद्दों को उठाया जायेगा. संसद के शीतकालीन सत्र की शुरुआत के पहले यह सर्वदलीय बैठक बुलायी गयी है.
