कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद सृंजय बोस की गिरफ्तारी के बाद माकपा की ओर से तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ हमला तेज कर दिया गया है. विधानसभा में विपक्ष के नेता सूर्यकांत मिश्र ने कहा कि मदन मित्र ने फिलहाल सरकारी अस्पताल में आश्रय लिया है. संवाददाताओं से बातचीत में श्री मिश्र ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अभी तक कोई कदम नहीं उठाया है.
उन्होंने यह भी कहा कि वह प्रधानमंत्री से सारधा के संबंध में कदम उठाने के लिए कहेंगे. श्री मिश्र ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री को अभी तक क्यों सीबीआइ ने नहीं बुलाया.
तृणमूल के नेता सलाखों के पीछे होंगे : राहुल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा ने कहा कि उनका मानना है कि जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है. एक समय ऐसा भी आ सकता है जब तृणमूल कांग्रेस के कई शीर्ष नेता सारधा घोटाले में सलाखों के पीछे हों. मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को बयान देकर बंगाल के लोगों को अपनी पार्टी के नेताओं की सारधा घोटाले में गिरफ्तारी के बारे में समझाना चाहिए. प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अधीर चौधरी ने कहा कि यह गिरफ्तारी यह साबित करती है जो हम लंबे समय से कहते आ रहे हैं कि तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व सारधा घोटाले में शामिल है. कोई भी कानून से बच नहीं सकता. जल्द ही और नेताओं की भी गिरफ्तारी होगी.
सीबीआइ सीएम गद्दी तक पहुंचेगी : सिद्धार्थ नाथ
बंगाल के भाजपा प्रभारी सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि ममता बनर्जी की पार्टी के सभी नेता किसी न किसी तरह से चिटफंड के साथ जुड़े हुए हैं. सीबीआइ की यह जांच मुख्यमंत्री की गद्दी तक भी पहुंचेगी. सभी दोषियों तक सीबीआइ जरूर पहुंचेगी. माकपा नेता मोहम्मद सलीम ने कहा कि चुनाव के पहले इन चिटफंडों से तृणमूल ने पैसे लिये थे. लोगों के पैसों से परिवर्तन लाने की कोशिश की गयी थी. मुख्यमंत्री को भी जांच के लिए बुलाया जायेगा.
