आतंक का माहौल: बेरहमी से पीट-पीट कर हत्या

कोलकाता: शहर के एक प्रमुख सरकारी अस्पताल एनआरएस मेडिकल कॉलेज के ब्वायज हॉस्टल में मोबाइल चोर के संदेह में लगभग 35 साल के एक शख्स की पीट-पीट कर हत्या कर दी गयी. रविवार सुबह व्यक्ति हॉस्टल के तीसरे तल्ले की गैलरी में एक खंभे से बंधा मिला. अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में ले जाने पर […]

कोलकाता: शहर के एक प्रमुख सरकारी अस्पताल एनआरएस मेडिकल कॉलेज के ब्वायज हॉस्टल में मोबाइल चोर के संदेह में लगभग 35 साल के एक शख्स की पीट-पीट कर हत्या कर दी गयी.

रविवार सुबह व्यक्ति हॉस्टल के तीसरे तल्ले की गैलरी में एक खंभे से बंधा मिला. अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर के अंदर हड्डियों के टुकड़े हो जाने को मौत का कारण बताया गया है. शरीर के कई हिस्सों में गहरे चोट के निशान मिले हैं. जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि किसी भारी वस्तु से उसकी पिटाई की गयी होगी. व्यक्ति के गुप्तांग पर भी अंदरूनी प्रहार किये जाने के घाव मिले हैं. मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. इंटाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.

पुलिस को दी सूचना: पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सुबह 7.30 बजे के करीब इंटाली थाने में अस्पताल से किसी ने फोन कर ब्वायज हॉस्टल के अंदर एक व्यक्ति के अचेत हालत में पड़े होने की जानकारी दी. अस्पताल के अंदर मौजूद पुलिस चौकी के अधिकारियों से जानकारी लेने पर उन्हें भी इसकी भनक नहीं थी. लिहाजा थाने के अलावा पुलिस चौकी के अधिकारी हॉस्टल के अंदर एक साथ घुसे. तीसरे तल्ले में जाने पर वहां गैलरी में एक खंभे में रस्सी से बंधे हालत में एक व्यक्ति को अचेत स्थिति में देखा. उसे आपातकालीन विभाग में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

बांस से पीट रहे थे कुछ लोग: एक प्रत्यक्षदर्शी रबिउल ने बताया कि हॉस्टल के अंदर कुछ दिनों से मरम्मत का काम हो रहा था. इसके कारण कुछ मजदूर काम खत्म कर रात वहीं सो जाते थे.

रविवार सुबह उसने देखा कि 8 से 10 लोग एक व्यक्ति को एक कमरे में ले जाकर बांस से उसकी पिटाई कर रहे हैं. यह देख कर वह डर से नीचे आ गया और फिर उस व्यक्ति की मौत होने की जानकारी उसे मिली. इंटाली थाने की पुलिस रबिउल से पूछताछ कर रही है.

चोर होने के संदेह में पिटाई का अनुमान: घटनास्थल पर पहुंचे डीसी (इएसडी) ध्रुबज्योति दे ने बताया कि मामले की जांच शुरू करते हुए इंटाली थाने की पुलिस ने कैंटीन इंचार्ज प्रदीप गिरि व हॉस्टल इंचार्ज बेनु तुंडूआ को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. दोनों से पूछताछ कर पुलिस मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. प्राथमिक अनुमान है कि हॉस्टल के अंदर छात्रों का मोबाइल चोरी करने के इरादे से ही वह व्यक्ति घुसा होगा. उस समय चोर होने के संदेह में लोगों ने उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसने दम तोड़ दिया. मृत शख्स की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है.

प्रिंसिपल ने गठित की जांच कमेटी: मेडिकल कॉलेज की प्रिंसिपल मंजू बनर्जी ने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने सात सदस्यों की एक कमेटी बनायी है, जिसकी इंचार्ज वह खुद हैं. जल्द से जल्द इस मामले की जांच कर दोषी को सामने लाकर इसकी रिपोर्ट वह पुलिस को सौंपेंगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >