नयी दिल्ली/कोलकाता: सीबीआइ सारधा घोटाले में अपनी जांच के तहत शीघ्र ही भारतीय रिजर्व बैंक के कुछ अधिकारियों से पूछताछ करेगी क्योंकि उसे कुछ मामलों में केंद्रीय बैंक के अधिकारियों से स्पष्टीकरण की जरूरत है.
सीबीआइ सूत्रंे के अनुसार, सारधा गैर बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) के रूप में काम नहीं कर रही थी इसलिए रिजर्व बैंक की इसके नियमन में कोई भूमिका लगभग नहीं थी लेकिन एजेंसी को कुछ जानकारी मिली है जिस पर केंद्रीय बैंक से स्पष्टीकर चाहिए.
सूत्रों ने हालांकि स्पष्ट किया किया कि अधिकारियों से पूछताछ का मतलब यह नहीं है कि उनकी कथित अपराध में संलिप्तता थी.अधिकारी ने कहा : इस पूछताछ का उद्देश्य हालात को समझना तथा दस्तावेजों के बारे में स्पष्टीकरण लेना है. सीबीआइ उन नियामकीय कमियों को समझने के लिए भी रिजर्व बैंक के अधिकारियों से पूछताछ करेगी जिनका दुरुपयोग चिटफंड योजना चलाने वाली कंपनियों ने किया.
उन्होंने कहा कि कंपनी एक तरह की सामूहिक निवेश योजना चला रही थी जिसका नियमन सेबी करता है. सेबी के वरिष्ठ अधिकारियों से भी पूछताछ की गयी है.
