कोलकाता: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के हिंसा प्रभावित मकरा गांव में भाजपा की केंद्रीय टीम के दौरे की कोशिश से नाराज राज्य की सत्तारुढ तृणमूल कांग्रेस ने आज उस पर हमला बोला और पार्टी के सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि वहां 27 अक्तूबर की हिंसा के लिए भगवा दल ही जिम्मेदार है.
बनर्जी ने दावा किया कि मकरा गांव में झडप में मारे गए तीनों लोग तृणमूल कांग्रेस के थे. ‘‘पार्टी के झंडे लेकर हमले करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं की तस्वीरें भी हैं.’’ मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के भतीजे ने कहा कि शांति में खलल डालने की किसी भी कोशिश को पश्चिम बंगाल में तृणमूल सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी जहां वाम मोर्चा के 34 साल के शासन के बाद लोकतंत्र बहाल हुआ है.
उन्होंने बात करते हुए कहा, ‘‘जब सिंगूर (टाटा मोटर की नैनो कार परियोजना को लेकर) में 2006 में आंदोलन हुआ तब भाजपा के केंद्रीय प्रतिनिधिमंडल ने वहां का दौरा क्यों नहीं किया?’’ उन्होंने बताया, ‘‘मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता में तीन दिन पहले कहा था कि राज्य में शांति बनी रहेगी और राज्य सरकार इसमें खलल डालने की इजाजत नहीं देगी.’’ पार्टी महासचिव मुकुल रॉय ने भगवा पार्टी की आलोचना करते हुए उस पर पश्चिम बंगाल में अशांति पैदा करने की कोशिश करने, लोगांे को बांटने तथा राज्य की छवि ‘धूमिल’ करने का आरोप लगाया.
