कोलकाता : छठ के लिए आम की लकड़ी तोड़ने में एक युवक की जान चली गयी. घटना चित्तपुर इलाके के राम गोपाल घोष रोड के पास एक बंद फैक्टरी के अंदर घटी. चितपुर थाने की पुलिस के मुताबिक पास के इलाके का रहने वाला 14 वर्षीय युवक विक्की इस कारखाने के अंदर मौजूद आम के पेड़ से छठ पूजा के लिए आम की लकड़ी व आम पल्लव तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़ा था. अचानक किसी तरह से नियंत्रण खोकर उसका पांव फिसल गया और वह नीचे आ गिरा.
पेड़ से नीचे कारखाने के पर टीन के शेड को तोड़ते हुए जमीन पर वह गिरा. जिससे उसके सिर व गर्दन में बुरी तरह चोट लगी. तत्काल उसे आरजीकर अस्पताल में ले जाया गया. जहां से चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद चितपुर थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
युवक इलाके के एक स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र था. इस घटना से इलाके में शोक व्याप्त है. उसके साथ इस घटना में मौजूद दोस्तों ने पुलिस को बताया कि अपनी मां को चुपके से सरप्राइज देने के लिए वह उनके लिए आम की लकड़ी तोड़ने पेड़ पर चढ़ा था. लेकिन नियंत्रण खोने से इस तरह की घटना घट गयी. घटना के बाद से इलाके में शोक व्याप्त है.
