कांग्रेस उम्मीदवार संतोष पाठक ने लगाया आरोप, कहा
कोलकाता : राज्य में दो विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनाव में छिटपुट घटनाओं को छोड़ कर मतदान शांतिपूर्ण रहा. उपचुनाव के दौरान चौरंगी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस उम्मीदवार संतोष पाठक ने तृणमूल पार्षद व विधायक इकबाल अहमद पर उन्हें मारने का आरोप लगाया. चुनाव के दौरान विभिन्न मतदान केंद्रों का चक्कर लगा रहे श्री पाठक ने आरोप लगाया कि 62 नंबर वार्ड के एक मतदान केंद्र में जब वह दाखिल हो रहे थे तभी स्थानीय तृणमूल पार्षद व विधायक इकबाल अहमद ने उन्हें रोकने का प्रयास किया.
इस पर दोनों के बीच बहस हो गयी. कांग्रेस उम्मीदवार ने आरोप लगाया कि बहस के दौरान इकबाल अहमद ने उन्हें थप्पड़ मार दिया. मौके पर मौजूद उनके चुनाव एजेंट व प्रदेश कांग्रेस महासचिव अमिताभ चक्रवर्ती ने भी इकबाल अहमद पर संतोष पाठक के साथ मारपीट करने एवं इलाके में बाइक वाहिनी के द्वारा आतंक मचाने का आरोप लगाया. संतोष पाठक ने इस घटना की शिकायत तालतला थाने में दर्ज करायी है एवं फैक्स के माध्यम से चुनाव आयोग में भी इसकी शिकायत की है. दूसरी तरफ तृणमूल पार्षद ने संतोष पाठक के साथ मारपीट करने के आरोपों का खंडन किया है. श्री अहमद ने दावा किया है कि स्वयं कांग्रेस उम्मीदवार ने उनके साथ धक्का-मुक्की की एवं मतदान प्रक्रिया में बाधा पहुंचायी.
