झड़प में एक व्यक्ति की आंख निकाल ली

मालदा में पाट काटने को लेकर बवाल हमले में कई घायल मालदा : मालदा जिले में खेत से पाट की फसल काटने को लेकर दो गुटों के बीच हुई झड़प में एक व्यक्ति की आंख निकाल ली गयी. इस घटना में दोनों ओर के कई लोग घायल हुए हैं. गंभीर रूप से घायल तीन लोगों […]

मालदा में पाट काटने को लेकर बवाल

हमले में कई घायल

मालदा : मालदा जिले में खेत से पाट की फसल काटने को लेकर दो गुटों के बीच हुई झड़प में एक व्यक्ति की आंख निकाल ली गयी. इस घटना में दोनों ओर के कई लोग घायल हुए हैं. गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को मालदा मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भरती कराया गया है, जबकि तीन की चिकित्सा बेदराबाद ग्रामीण अस्पताल में चल रही है.

यह घटना मालदा शहर से करीब 45 किलोमीटर दूर वैष्णव नगर थाना अंतर्गत पारचक बहादुरपुर गांव की है.

पुलिस सूत्रों ने बताया है कि झड़प की इस घटना में दिलीप मंडल (35) नामक युवक की बायीं आंख निकाल लेने का आरोप उसके पड़ोसी भवेश मंडल पर लगा है. उसके बाद जवाबी हमले में भवेश मंडल (40) व उसकी पत्नी चमेली मंडल (36) बुरी तरह से घायल हो गये. उन तीनों को मालदा मेडिकल कॉलेज में भरती कराया गया है. दूसरी तरफ दिलीप मंडल की पत्नी रेखा मंडल (30) व पुत्र रिंकू मंडल (14) व पुत्री चुनकी मंडल (12) भी घायल हुए हैं.

इन लोगों की चिकित्सा बेदराबाद ग्रामीण अस्पताल में चल रही है. पुलिस ने बताया कि घटना की शुरुआत खेत में पाट की फसल काटने को लेकर हुई. दिलीप मंडल केघर के पास हीदो बीघा जमीन में उसने पाट की खेती की है. पास में ही भवेश मंडल की भी तीन बीघा जमीन है. दोनों ने अपने-अपने जमीन पर पाट की खेती की है. शुक्रवार को दोनों ने ही सुबह पाट काटने का काम शुरू किया. आरोप है कि भवेश मंडल ने दिलीप मंडल की जमीन पर भी पाट के कुछ फसल काट लिये. उसके बाद ही दोनों परिवारों के बीच झड़प की घटना घटी. दोनों ही लोगों के समर्थन में गांव के कुछ लोग लामबंद हो गये और मारामारी शुरू कर दी.

भवेश ने दिलीप पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी बांयी आंख निकाल ली. अपने पति को घायल होते देख पत्नी रेखा देवी तथा दोनों पुत्र और पुत्री ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने इन लोगों पर भी हमला कर घायल कर दिया. उसके बाद ही दिलीप मंडल के समर्थकों ने भवेश मंडल के घर पर हमला कर दिया और पूरे परिवार की जमकर पिटायी की. इस घटना में भवेश मंडल और उसकी पत्नी रेखा देवी का सिर फट गया. दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है.

इधर, डॉक्टरों का कहना है कि दिलीप मंडल की बायीं आंख पूरी तरह से नष्ट हो गयी है. इस मामले में भवेश मंडल सहित पांच लोगों के खिलाफ वैष्णव नगर थाने में मामला दर्ज कराया गया है. भवेश मंडल ने भी दिलीप मंडल तथा चार अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस अधीक्षक प्रसून मंडल ने कहा है कि दो गुटों के बीच इस झड़प में छह लोग घायल हो गये हैं. दोनों ही पक्षों के लोगों ने थाने में मामला दर्ज कराया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >