कोलकाता. प्रदेश भाजपा ने कहा है कि विधानसभा की दो सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव के बाद वह सारधा घोटाले पर जोरदार आंदोलन करेगी.
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राहुल सिन्हा ने कहा कि घोटाले के दोषियों को दंडित किया जाये और जिनके पैसे गये हैं उन्हें वह वापस मिले. इस कांड से तृणमूल के आला नेताओं के जुड़े होने का आरोप लगाते हुए श्री सिन्हा ने कहा कि गिरफ्तार तृणमूल सांसद कुणाल घोष ने पार्थ चटर्जी को चिट्ठी लिखकर तृणमूल के भीतर सारधा घोटाले के संबंध में आंतरिक जांच कमीशन के गठन मांग की है.
हालांकि यह चिट्ठी तृणमूल आला नेतृत्व को न लिखकर पार्थ चटर्जी को लिखी गयी. इससे यह स्पष्ट हो जाता है कि कुणाल घोष को यह पता है कि आला नेतृत्व इस घोटाले में संलिप्त है. वह अपने खिलाफ कैसे जांच करेगा. लिहाजा उस नेता को चिट्ठी लिखी गयी, जिसका नाम इसमें नहीं है. सुदीप बंद्योपाध्याय के बयान, जिसमें उन्होंने कहा है कि उन्हें पता नहीं कि घोटाले में गिरफ्तार रजत मजूमदार तृणमूल के नेता हैं या नहीं, पर श्री सिन्हा ने कहा कि यदि श्री बंद्योपाध्याय तृणमूल कांग्रेस के उपाध्यक्ष को ही न जानें तो क्या कहा जा सकता है. कुछ दिन बाद वह बोलेंगे कि वह चौरंगी उपचुनाव के उम्मीदवार को ही नहीं जानते. श्री सिन्हा ने कहा कि उन्हें खबर मिली है कि दक्षिण बारासात, दक्षिण बशीरहाट और चौरंग क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों का प्रवेश हो चुका है.
राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी से उन्होंने कहा है कि असामाजिक तत्वों पर वह लगाम लगायें. केंद्रीय बलों की तैनाती को भी उन्होंने जरूरी बताया. इधर क्रेता सुरक्षा मंच से जुड़ी माला बनर्जी भी भाजपा में शामिल हो गयीं. पूर्व में श्रीमती बनर्जी कांग्रेस के साथ भी जुड़ी थीं.
