कोलकाता: फुटपाथ पर मौजूद एक होटल में काम करनेवाली एक महिला के साथ दुष्कर्म कर अचेत हालत में उसे दूसरे इलाके में सड़क किनारे फेंक देने का मामला सामने आया है.
क्या है मामला
घटना रविवार देर रात भवानीपुर इलाके के गांजा पार्क के पास घटी. इसके बाद महिला को अलीपुर इलाके के डीएल खान रोड के पास लाकर फेंक दिया गया. 30 वर्षीय पीड़ित महिला के बयान के आधार पर भवानीपुर थाने की पुलिस ने संजीव दास (43) नामक एक व्यक्ति को बांसद्रोनी इलाके से गिरफ्तार किया है. हालांकि पुलिस के मुताबिक महिला के बयान व हकीकत में काफी फर्क है. महिला की पूर्ण मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद ही मामले की पूर्ण जानकारी मिल सकेगी. पुलिस के मुताबिक अलीपुर इलाके के डीएल खान रोड में सड़क किनारे एक 30 वर्षीय महिला को अचेत हालत में पाया गया. उसे तत्काल एसएसकेएम अस्पताल में ले जाया गया था, जिसके बाद रविवार सुबह होश में आने पर पीड़िता ने शिकायत में पुलिस को बताया कि वह संजीव दास के होटल में काम करती थी.
महिला के बयान पर पुलिस को शक
रविवार रात संजीव उसे भवानीपुर इलाके के गांजा पार्क के पास ले गया. वहां उसे शराब पिलाने के बाद उसने उसके साथ दुष्कर्म किया. महिला के शिकायत के बाद पुलिस ने बांसद्रोनी इलाके से सोमवार को संजीव को गिरफ्तार कर लिया गया. लेकिन जांच में पुलिस को उसके बयान पर शक हो रहा है. पुलिस का कहना है कि पीड़िता के मुताबिक संजीव शाम सात बजे उसे अपने साथ ले गया, जबकि पुलिस के पास इसके सबूत है कि संजीव शाम सात बजे से रात 11 बजे तक अपने दुकान के पास हीं था. भवानीपुर थाने की पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
