कोलकाता : पाक के साइबर ठग भारतीयों से कर रहे थे धोखाधड़ी, दो गिरफ्तार
कोलकाता : पाकिस्तान में रहकर भारतीयों को अनजान नंबरों से फोन कर मोटी रकम लॉटरी में जीतने का प्रलोभन देकर प्रोसेसिंग फीस के रूप में बड़ी राशि ठगनेवाले गिरोह के दो सदस्यों को राज्य पुलिस की सीआइडी की टीम ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम राजेश घोष (44) व विधान किर्तनियां (38) है. […]
कोलकाता : पाकिस्तान में रहकर भारतीयों को अनजान नंबरों से फोन कर मोटी रकम लॉटरी में जीतने का प्रलोभन देकर प्रोसेसिंग फीस के रूप में बड़ी राशि ठगनेवाले गिरोह के दो सदस्यों को राज्य पुलिस की सीआइडी की टीम ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम राजेश घोष (44) व विधान किर्तनियां (38) है.
दोनों को न्यू टाउन स्थित एक दफ्तर से गिरफ्तार किया गया है. आरोपी एक निजी कंपनी में निदेशक व मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं. राज्य में बैंकों में जमा होने वाली ठगी की राशि को आरोपी हवाला के माध्यम से दुबई के जरिये पाकिस्तान भेजते थे. दोनों से पूछताछ कर सीआइडी की टीम इस गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.
कैसे हुआ खुलासा: सीआइडी सूत्रों के मुताबिक, इस गिरोह के हाथों ठगी के शिकार लोग थानों में शिकायतें जमा करवा रहे थे. शिकायतों में कहा जा रहा था कि +92 व 0092 नंबर से अनजान फोन आ रहा था. फोन करनेवाला उन्हें लॉटरी में मोटी रकम जीतने का प्रलोभन देकर जल्द जीते रुपये को क्लेम करने की बातें कह रहा था. इस झांसे में फंसकर राज्यभर में 40 से ज्यादा लोगों ने बताये गये बैंक अकाउंट में प्रोसेसिंग फीस के रूप में 25 से 30 हजार रुपये जमा करवा दिये.
रुपये जमा करने के बाद ठगी का खुलासा: शिकायत में कहा जा रहा था कि रुपये अकाउंट में जमा करवाने के बावजूद कथित लॉटरी का पैसा उनके बैंक अकाउंट में नहीं आया. यही नहीं, जिन फोन नंबरों से फोन किया गया था, वे भी बंद मिले. इसके बाद ठगी के शिकार लोग अपनी शिकायतें दर्ज कराने स्थानीय थाने में पहुंचे.
मामले को हाथ में लेकर सीआइडी ने शुरू की जांच: सीआइडी की टीम ने एकाधिक थाने में दर्ज शिकायत के आधार पर इसकी जांच शुरू की. उन्हें पता चला कि ग्राहकों ने प्रोसेसिंग फीस के तौर पर जो रुपये बैंक अकाउंट में जमा कराये थे उन रुपयों को न्यू टाउन में एक कंपनी के तरफ से निकाले गये हैं. इसके बाद उस कंपनी के दो अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया.
इसमें पता चला कि यह रैकेट पाकिस्तान से ऑपरेट किया जा रहा है. हवाला के माध्यम से इस राज्य से ठगी के रुपये को दुबई के रास्ते पाकिस्तान भेजा जा रहा है. सीआइडी की टीम इस गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.
ठगी से बचने के लिए रहें सावधान
- किसी भी अनजान फोन कॉल को रिसीव करने में बरतें सावधानी
- किसी लॉटरी या अन्य किसी तरह से रुपये जीतने के झांसे में न आयें
- किसी ठगी का शिकार होने पर तुरंत स्थानीय थाने में शिकायत करें
- सीआइडी को 14407, 7980124487 व 033-24490253 पर फोन करें
- अपने बैंक खाते और एटीएम की जानकारी किसी से भी साझा न करें
- आसपास के लोगों को भी इस सिलसिले में जागरुक कर उन्हें भी ठगी के शिकार होने से बचाएं