कोलकाता: कोलकाता नगर निगम का बजट 20 जून को पेश किया जायेगा. 23 व 24 जून को बजट पर बहस होगी. निर्धारित समय से लगभग तीन महीने बाद बजट लाया जा रहा है.
लोकसभा चुनाव के कारण मेयर को इस बार वोट ऑन एकाउंट पेश करना पड़ा था. मेयर के रूप में शोभन चटर्जी का यह पांचवां एवं अंतिम बजट होगा. अगले वर्ष निगम का चुनाव होनेवाला है. जानकारों का मानना है कि अगले वर्ष होनेवाले चुनाव को ध्यान में रखते हुए तृणमूल बोर्ड इस बार लोकलुभावन बजट पेश करेगा. मेयर शोभन चटर्जी का कहना है कि आम लोगों की जरूरतों को ध्यान में रख कर बजट तैयार किया जा रहा है.
इस बार के बजट में जल आपूर्ति व्यवस्था पर अधिक जोर दिया जायेगा. इसके साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क इत्यादि को भी बजट में विशेष स्थान मिलेगा. वाम मोरचा के मुख्य सचेतक अमल मित्र का कहना है कि पिछले वर्ष के बजट में तृणमूल बोर्ड ने जो-जो वादे किये थे, उनमें से एक भी काम पूरा नहीं हो पाया है.
निकासी व्यवस्था की हालत बेहद खराब है. निकासी विभाग के मेयर परिषद सदस्य राजीव देव के काफी दिनों से बीमार होने के कारण इस विभाग का कामकाज पूरी तरह निष्क्रिय हो गया है. श्री मित्र ने कहा कि 2015 में होनेवाले चुनाव को ध्यान में रखते हुए तृणमूल बोर्ड इस बार का बजट तैयार कर रहा है. बजट में वादे तो काफी होंगे, पर शायद ही वादे पूरे किये जायें.
