कोलकाता: मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उद्योग मालिकों को आश्वस्त किया कि ट्रेड यूनियन के नाम पर हिंसा कतई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा.पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज कहा कि नार्थ ब्रूक जूट मिल के सीईओ की हत्या मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है.राज्य विधानसभा में एक सवाल के जवाब में बनर्जी ने उद्योग मालिकों को आश्वस्त किया कि कल की हत्या के मामले में दोषी को सजा मिलेगी और मामले से कडाई से निपटते हुए वह न्याय सुनिश्चित करने की हर संभव कोशिश करेंगी.
उन्होंने कहा कि सरकार ट्रेड यूनियन के नाम पर हिंसा बर्दाश्त नहीं करेगी. साथ ही कहा कि इस मामले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस से आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है.सीटू और बीएमएस से जुडे जूट मिल कामगारों के उपद्रवी धडे को दुर्भाग्यपूर्ण मौत के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए उन्होंने कहा, ‘‘लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है.’’ एक ट्रेड यूनियन माकपा से जुडा है तो दूसरे का संबंध भाजपा से है. मामले की सीबीआई जांच कराने की कांग्रेस विधायक मनोज चक्रवर्ती की मांग को खारिज करते हुए बनर्जी ने कहा कि सरकार के पास प्रशासनिक तंत्र है और पुलिस कार्रवाई कर रही है.
