इस्लामपुर : उत्तर दिनाजपुर जिले के करणदिघी थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है. इसके साथ ही बंगाल-बिहार सीमावर्ती इलाके के विलासपुर से 13 चोरी की बाइकें भी बरामद की गयी है. घटना में पुलिस ने बारसोई गांव के चार लोगों को गिरफ्तार किया है. रविवार को उन्हें अदालत ने 6 दिनों के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है.
पुलिस सूत्रों से पता चला है कि आरोपियों के नाम बाबुलाल पासवान, राजनाथ कुमार साहा एवं संजीव कुमार मंडल है. वहीं चोरी की बाइकों को जमा रखने के आरोप में जिले के विलासपुर निवासी कामरुल इस्लाम को भी करणदिघी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों को रविवार को इस्लामपुर अदालत में पेश कर 6 दिनों के पुलिस रिमांड पर लिया गया है.
करणदिघी थाना पुलिस सूत्रों से पता चला है कि शनिवार रात गुप्त सूत्रों से मिली खबर के आधार पर करणदिघी थाना पुलिस के विलासपुर में छापेमारी की. बंगाल के सीमावर्ती इलाके से बिहार के तीन निवासियों को बाइक चोरी के शक के आधार पर पकड़ा गया. उनलोगों से पूछताछ कर कामरुल इस्लाम के घर से 6 चोरी की बाइक बरामद की गयी.
इसके बाद आगे पूछताछ में और 7 चोरी की बाइक बरामद हुई है. कामरुल को पूछताछ किया गया लेकिन दो और लोग वहां से फरार हो गया. उनलोगों की खोज की जा रही है. चोरी की और बाइकों का पता लगाने के लिए पुलिस ने चारों आरोपियों को 6 दिनों के पुलिस रिमांड पर लिया है.
